-पीड़ित ने तालाब में कूदकर बचाई जान
-कट्टरपंथियों ने पीट-पीटकर कर दिया था अधमरा
-पीएम मोदी की खामोशी पर फिर उठे सवाल
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
बांग्लादेश में हिंदुओं पर बर्बरता जारी है। दीपू दास, बजरेंद्र बिस्वास, अमृत मंडल के बाद एक बार फिर हिंदू को निशाना बनाया गया। और उस पर जानलेवा हमला किया। दरअसल, शरियतपुर के तिलोई में कट्टरपंथियों की भीड़ ने खोकन दास पर धारधार हथियार से हमला किया। हमला करने के बाद युवक के शरीर में आग लगाने की कोशिश की। लेकिन पीड़ित ने तालाब में कूदकर अपनी जान बचा ली। बीते १३ दिनों में ये चौथा मामला है जहां हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं। ऐसे में यह सवाल उठ खड़ा होता है कि आखिर बांग्लादेश में अभी और कितने हिंंदुओं की जान जाएगी।
मालूम हो कि अभी दो दिन पहले ही मयम सिंह जिले में ४० साल के बजरेंद्र बिस्वास की हत्या कर दी गई थी। इससे पहले दीपू दास और अमृत मंडल को मार दिया गया था। बता दें कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले कुछ दिनों में कई हिंदुओं की हत्या की गई। छात्र नेता उस्मान शरीफ हादी की मौत के बाद से ही देश में बवाल मचा हुआ है। कई जिलों में हिंदू घरों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
१० दिनों में ३ हिंदुओं की निर्मम हत्या
१८ दिसंबर को दीपू चंद्र दास की हत्या की गई थी। मयम सिंह जिले के भालुका इलाके में बिजरेंद्र को कट्टरपंथियों की भीड़ ने उसे पीट-पीटकर मार डाला था। वहीं, इसके छह दिन बाद २४ दिसंबर को अमृत मंडल की हत्या कर दी गई। चटगांव के राउजान में कई हिंदू परिवारों के घरों में आग लगा दी गई। इस मामले में पुलिस ने अब तक कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है।
२०२५ में १८४ लोगों ने गंवाई अपनी जान
बांग्लादेश में हिंसा और आगजनी की घटनाओं ने लोगों को डरा दिया। मानवाधिकार संगठन ‘ऐन ओ सलीश केंद्र’ के आंकड़ों के मुताबिक, साल २०२५ में अब तक बांग्लादेश में हुई हिंसा में १८४ लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
केंद्र की प्रभावी नीतियां फेल
बांग्लादेश में हिंदुओं पर होनेवाली हिंसक घटनाओं को लेकर विपक्ष ने मोदी सरकार पर कड़ा हमला बोला है। विपक्ष का कहना है कि केंद्र सरकार सकारात्मक और प्रभावी नीतियों में विफल रही, जिससे ऐसी घटनाओं को रोकना मुश्किल हो रहा है। हिंदुओं की हत्याओं की घटनाओं पर विपक्ष ने मोदी सरकार पर हमला बोला है साथ ही पीएम मोदी की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
