सुनील ओसवाल / मुंबई
बीड जिले में दो नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गन्ना कटाई के लिए दूसरे राज्य से लाई गई इन लड़कियों के साथ गांव के दो युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना के सामने आते ही इलाके में आक्रोश पैâल गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना माजलगांव तालुका क्षेत्र में २४ दिसंबर को हुई।
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ से गन्ना कटाई के लिए लाई गई दो नाबालिग लड़कियां अस्थायी रूप से यहां रह रही थीं। इसी दौरान गांव के गणेश घाटूल और अशोक पवार ने मौके का फायदा उठाकर दोनों के साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिनों बाद पीड़िताओं में से एक की तबीयत बिगड़ने लगी और पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। पूछने पर उसने अपने साथ हुई घटना परिवार को बताई, जिसके बाद मामला उजागर हुआ। परिजनों ने माजलगांव ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ जारी है और जांच के दायरे को भी बढ़ाया जा रहा है। पुलिस ने दोनों नाबालिग पीड़िताओं को महिला एवं बाल कल्याण समिति के संरक्षण में सौंप दिया है। इस घटना ने एक बार फिर गन्ना कटाई के लिए आने वाली महिला और नाबालिग मजदूरोेंं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीड जिले में इससे पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा इंतजामों की पोल खुलती है।
