मुख्यपृष्ठनए समाचारट्रोल से नाराज हुई अधिकृत उम्मीदवार... भाजपा नेता ने वापस लिया नामांकन

ट्रोल से नाराज हुई अधिकृत उम्मीदवार… भाजपा नेता ने वापस लिया नामांकन

सामना संवाददाता / मुंबई

सोशल मीडिया के दौर में जहां कई मामलों में फायदा होता है, वहीं एक भाजपा प्रत्याशी को इसका भारी नुकसान हुआ है। पुणे मनपा के प्रभाग क्रमांक २ में भाजपा को उस वक्त करारा झटका लगा, जब पार्टी की अधिकृत उम्मीदवार पूजा मोरे जाधव को अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की नौबत झेलनी पड़ी। भाजपा ने उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था, लेकिन नामांकन के बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ तीव्र ट्रोलिंग शुरू हो गई।
बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर पूजा मोरे जाधव के कथित पुराने बयानों को वायरल कर भाजपा नेतृत्व से सीधे सवाल पूछे जाने लगे। ट्रोलिंग का दबाव इतना बढ़ गया कि पूजा द्वारा बार-बार यह कहने के बावजूद कि उनके बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है, विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा था। आखिरकार कल पूजा और उनके पति धनंजय जाधव ने पत्रकार परिषद लेकर अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की घोषणा कर दी। पत्रकारों से बात करते हुए धनंजय जाधव ने कहा कि वे सोशल मीडिया के शिकार बने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के मुंह से विवादित शब्द कहलवाए गए। मराठा आरक्षण आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी को लेकर कथित बयान पर उन्होंने साफ कहा कि यह बयान पूजा मोरे का नहीं था। पहलगाम में हुए हमले के बाद दिए गए बयान को लेकर भी पूजा मोरे पहले ही स्पष्टीकरण दे चुकी थीं।
क्या थे कथित बयान?
मूल रूप से बीड जिले के गेवराई तालुका की रहने वाली पूजा मोरे शादी के बाद पुणे आई थीं। शादी से पहले विभिन्न आंदोलनों में उनकी भागीदारी रही थी। इन्हीं आंदोलनों के दौरान एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी को लेकर बयान देने का दावा कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा किया गया। हालांकि, पूजा मोरे ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यह बयान उनका नहीं था।

अन्य समाचार