सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना–मनसे युति ने मनपा चुनाव प्रचार की जोरदार तैयारी कर ली है। मुंबई समेत पूरे राज्य में ठाकरे बंधुओं के प्रचार का तूफान देखने को मिलेगा। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे कुल छह स्थानों पर संयुक्त सभाएं करेंगे। माना जा रहा है कि ठाकरे बंधुओं की ये सार्वजनिक सभाएं चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल देंगी। इससे युति के उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इससे पहले, रविवार ४ जनवरी को उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की उपस्थिति में शिवसेना–मनसे युति के घोषणा पत्र का प्रकाशन किया जाएगा। शिवसेना नेता और सांसद संजय राऊत ने यह जानकारी दी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि ३ जनवरी है। तस्वीर शुक्रवार शाम तक स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद चुनाव प्रचार पूरे जोर के साथ शुरू होगा। हालांकि, सबसे अधिक उत्सुकता उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की संयुक्त सभाओं को लेकर है। इसके लिए गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार तैयारी शुरू कर दी है। मुंबई मनपा चुनाव प्रचार के लिए पूर्व और पश्चिम उपनगरों में तथा शिवतीर्थ पर संयुक्त सभा आयोजित की जाएंगी। इसके बाद मीरा–भायंदर, ठाणे, कल्याण, डोंबिवली और नासिक संभाजीनगर में भी दोनों नेता संयुक्त सभाएं करेंगे। संजय राऊत ने बताया कि शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे और मनसे नेता अमित ठाकरे गठबंधन के घोषणा पत्र पर काम कर रहे हैं।
लालच में न पड़ें! -राज ठाकरे
मुंबई मुंबईकरों की है। इसे बचाना जरूरी है और इसके लिए यह आखिरी मौका है। इसलिए किसी भी तरह के लालच में न पड़ें। यह संदेश मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कल पार्टी के उम्मीदवारों को दिया। मनसे के सभी ५३ उम्मीदवारों ने कल ‘शिवतीर्थ’ निवास स्थान पर राज ठाकरे से मुलाकात की। दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ते समय आपको पैसों के कई ऑफर मिलेंगे, तरह-तरह के प्रलोभन दिए जाएंगे, लेकिन आपको मजबूती से डटे रहना है। मुझे भी कई ऑफर आए थे, लेकिन मैंने सबको भगा दिया। आपकी भूमिका भी वही होनी चाहिए।
