सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
शहर के पयागीपुर स्थित नई बस्ती सीतानगर में नगर पालिका ने ६८ लाख रुपये की लागत से तीन नई सड़कें बनाई हैं। जिनका पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने विधिवत पूजन अर्चन कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर के चहुमुखी विकास के लिए पालिका सतत् प्रयत्नशील व प्रतिबद्ध है। अयोध्या-प्रयागराज मुख्य मार्ग के किनारे स्थित सीतानगर नई विकसित काॅलोनी है। यहां की सड़कें कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में थीं। जल-भराव की स्थिति भी बनी रहती थी। काफी समय से स्थानीय लोगों द्वारा सड़क, नाली इत्यादि सुविधाओं की माॅग की जा रही थी, जिसकी समस्या के निदान के लिए पालिका ने ६८ लाख रूपये का व्यय करके इन तीनों सड़कों का लोकार्पण किया है। पालिका द्वारा वर्तमान में शहर में कई सड़कों व नालों का निर्माण तथा वार्डों व मुख्य मार्गों को प्रकाशमय करने का भी कार्य कराया जा रहा है, इसी के साथ ही प्रेरणास्वरूप महापुरूषों के नाम से सड़कों का नामकरण करने सहित, नगर को हरा-भरा करने हेतु नये आक्सीजन वन तथा तालाबों का सृजन व जीर्णोद्धार का कार्य कराते हुए विकास किया जा रहा है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष द्वारा पयागीपुर वार्ड में विशेष ध्यान देकर विकास कार्यों को कराये जाने की श्रृंखला में एक नये तालाब का सृजन व मरी माई धाम का विकास शीघ्र ही कराये जाने की घोषणा की गई, जिसकी उपस्थित स्थानीय लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। पालिकाध्यक्ष ने स्थानीय लोगों से अपील किया कि पर्यावरण एवं आने वाले समय को देखते हुए पूरे मोहल्ले में उचित स्थान देखकर अधिक से अधिक वृक्ष लगायें तथा अपने आस-पास स्वच्छता का विशेष ध्यान दें। कार्यक्रम का संयोजन स्थानीय सभासद गिरीश कुमार मिश्र ने तथा संचालन सभासद प्रवीण मिश्र ने किया। लोकार्पण के इस अवसर पर सभासद अखिलेश मिश्र, प्रवीण मिश्र, अरूण कुमार तिवारी, देवानन्द,संदीप गुप्ता, अरशद हबीब तथा अभिषेक मिश्र, अमिताभ द्विवेदी, धर्मदेव तिवारी, रविन्द्र सिंह, इंद्रभूषण तिवारी, राम लखन यादव, दिनेश नारायन पाण्डेय, राम जियावन कोरी सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहा।
