सामना संवाददाता / मुंबई
मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड (“मारुति सुजुकी”) ने कैलेंडर वर्ष 2025 में 22.55 लाख से अधिक इकाइयों का उत्पादन किया है, जो किसी एक कैलेंडर वर्ष में कंपनी का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब कंपनी ने 20 लाख इकाइयों का वार्षिक उत्पादन पार किया है। इस उत्पादन में घरेलू बिक्री, निर्यात और OEM supplies के लिए वाहन शामिल हैं। वर्ष के दौरान उत्पादन मात्रा के आधार पर शीर्ष पांच मॉडल Fronx, Baleno, Swift, Dzire और Ertiga रहे। यह उपलब्धि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ग्राहकों की मांग के अनुरूप उत्पाद उपलब्ध कराने पर कंपनी के मज़बूत फोकस को दर्शाती है।
मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO, हिसाशी ताकेउचि ने कहा, “यह रिकॉर्ड उत्पादन हमारे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और हमारे सप्लायर पार्टनर्स के साथ हमारे मज़बूत तालमेल का परिणाम है। उच्च स्तर के स्थानीयकरण (localization) ने हमें विश्वस्तरीय गुणवत्ता बनाए रखते हुए इस स्तर का उत्पादन हासिल करने में सक्षम बनाया है, जो भारत के ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम की मज़बूती और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को दर्शाता है। हम भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप अपने मैन्युफैक्चरिंग विस्तार और भारत की ऑटोमोबाइल निर्माण क्षमताओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
मारुति सुजुकी ने वर्ष 1983 में हरियाणा के गुरुग्राम में अपनी पहली उत्पादन इकाई के साथ परिचालन शुरू किया था। इतने सालों में कंपनी ने एक मजबूत बहु-स्तरीय सप्लायर और डीलर इकोसिस्टम के सहयोग से अपने मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क का विस्तार किया, जिसमें हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर और खरखौदा में स्थित फैसिलिटीज शामिल हैं, और हाल ही में गुजरात फैसिलिटी को भी अपने परिचालन में सम्मिलित किया गया है। आज, मारुति सुजुकी इन अत्याधुनिक फैसिलिटीज़ में 17 मॉडल और 650 से अधिक वेरिएंट का उत्पादन करती है। आने वाले समय में, कंपनी घरेलू मांग में वृद्धि को पूरा करने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों की सेवा के लिए अपनी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को 40 लाख इकाइयों प्रति वर्ष तक बढ़ाने की योजना बना रही है।
