मुख्यपृष्ठनए समाचारनीट का पेपर हो रहा लीक ...तो चुनाव पारदर्शी कैसे... आदित्य ठाकरे...

नीट का पेपर हो रहा लीक …तो चुनाव पारदर्शी कैसे… आदित्य ठाकरे का सरकार पर तीखा हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

सीयूईटी-यूजी २०२६ परीक्षा के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी, उससे विद्यार्थियों को हुए नुकसान तथा नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में नाराजगी का माहौल है। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। इन मुद्दों पर शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
आदित्य ठाकरे ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार निष्पक्ष तरीके से परीक्षाएं तक आयोजित नहीं कर पा रही है, फिर भी वह चाहती है कि दुनिया यह विश्वास करे कि भारत में चुनाव निष्पक्ष रूप से कराए जा सकते हैं। आदित्य ठाकरे ने इन शब्दों में भाजपा सरकार की तीखी आलोचना की।
देश को किस दिशा में ले जा रही सरकार?
शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा किया है। आदित्य ठाकरे ने सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने भारत को आखिर किस स्थिति में पहुंचा दिया है? उन्होंने लिखा है कि ये लोग परीक्षाएं भी निष्पक्ष रूप से आयोजित नहीं कर सकते, लेकिन उम्मीद करते हैं कि दुनिया यह भरोसा करे कि हम चुनाव निष्पक्ष ढंग से करा सकते हैं।
नीट और सीबीएसई परीक्षाओं के संदर्भ में सामने आए निविदा घोटाले, भ्रष्टाचार और मानव संसाधन विकास मंत्रालय की जानबूझकर बरती गई लापरवाही ने न केवल विद्यार्थियों के भविष्य को खतरे में डाला है, बल्कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया है।
उन्होंने आगे कहा कि भारत और इन परीक्षाओं में शामिल लाखों विद्यार्थियों को जो नुकसान हुआ है, उसके लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से हटाया जाना चाहिए। जिस समय विद्यार्थियों को अपने भविष्य की दिशा तय करने में व्यस्त होना चाहिए था, उसी समय इन किशोर छात्रों ने सीबीएसई से जुड़े कथित घोटाले का पर्दाफाश कर उसे दुनिया के सामने उजागर किया है।

अन्य समाचार