मुख्यपृष्ठस्तंभअमेरिका में फैला ड्रग्स का पाताल लोक!

अमेरिका में फैला ड्रग्स का पाताल लोक!

मनमोहन सिंह

कैलिफोर्निया की सर्द रात, मई २०२६। ओटे मेसा पोर्ट ऑफ एंट्री के पास स्थित ‘बाय ४ लेस’ नामक एक छोटे से रिटेल स्टोर के बाहर सन्नाटा पसरा था। दुकान में दिनभर कोई कस्टमर नहीं आता था और इसका संचालन किसी सामान्य स्टोर जैसा बिल्कुल नहीं था। लेकिन रात के अंधेरे में कुछ संदिग्ध साए वहां मंडराते थे, जिन्हें जासूस बड़े-बड़े सूटकेस ले जाते हुए देख चुके थे। फेडरल ब्यूरो और होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस सैन डिएगो के जासूस दिसंबर २०२५ से इस स्टोर पर नजर रखे हुए थे। यह चूहे-बिल्ली का खेल अब अपने अंतिम पड़ाव पर था।
अचानक, स्टोर से दो ट्रक और एक वैन रेंगते हुए बाहर निकले। कमांडो ने गाड़ियों को चारों तरफ से घेर लिया। जब तलाशी ली गई, तो गाड़ियों में कुल ८५१ पैकेट बरामद हुए। पहले ट्रक से २८६.२ किलोग्राम, दूसरे ट्रक से ४६९.४ किलोग्राम और वैन से २७४ किलोग्राम कोकीन जब्त की गई। कुल मिलाकर १,०२९.६ किलोग्राम सफेद मौत का जखीरा! अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत ४५ मिलियन डॉलर (४२७ करोड़ रुपये) थी। मामले में तुरंत ४ लोगों के खिलाफ आरोप तय कर उन्हें दबोच लिया गया।
लेकिन असली सस्पेंस अभी बाकी था। इतनी भारी मात्रा में ड्रग्स बिना किसी आहट के अमेरिका की सीमा के भीतर वैâसे आ गई? जांच दल ‘बाय ४ लेस’ के अंदर दाखिल हुआ। स्टोर के एक सुनसान स्टोरेज रूम के फर्श के नीचे खोजी कुत्तों ने भौंकना शुरू किया। जासूसों ने फर्श पर जमी धूल को हटाया, तो वहां एक गुप्त प्रवेश द्वार नजर आया। एक अधिकारी ने जैसे ही वहां छिपा मैकेनिज्म एक्टिव किया, एक भारी-भरकम हाइड्रोलिक लिफ्ट गड़गड़ाहट के साथ नीचे की ओर जाने लगी। जमीन से ५५ फीट नीचे एक पूरी पाताल लोक की दुनिया बसी थी। यह १,९३३ फीट लंबी एक अत्याधुनिक सुरंग थी, जो अमेरिकी सीमा के नीचे १,००० फीट से अधिक की दूरी तय करते हुए सीधे मेक्सिको के तिजुआना शहर से जुड़ी थी। सुरंग में मजबूत दीवारें, वेंटिलेशन सिस्टम, बिजली और सामान ले जाने के लिए एक रेल नेटवर्क भी मौजूद था।
सुरंग के मुहाने पर खड़े होकर होमलैंड सिक्योरिटी के अधिकारी भले ही अपनी पीठ थपथपा रहे थे, लेकिन वो भी जानते थे कि जंग अभी खत्म नहीं हुई है। अधिकारियों के रिकॉर्ड बताते हैं कि वर्ष १९९३ से अब तक इस इलाके में ९९ सुरंगें पकड़ी जा चुकी हैं, जिनमें से २८ बेहद अत्याधुनिक थीं। साल २०२२ में आखिरी सक्रिय सुरंग पकड़ी गई थी और चार साल शांत रहने के बाद माफिया ने और भी आधुनिक इंजीनियरिंग के साथ इस नई सुरंग को खड़ा कर दिया। सीमा सुरक्षा अधिकारी जस्टिन डी ला टोरे का यह बयान कि ‘अपराधी संगठन लगातार नए तरीके खोजते हैं’ इसी कड़वी सच्चाई की तरफ इशारा करता है। जब इन चारों आरोपियों को कलाई में हथकड़ियां पहनाकर सुरंग से बाहर लाया जा रहा था, तब अमेरिकी अटॉर्नी एडम गॉर्डन ने तंज कसते हुए कहा, `इन आरोपियों के लिए सुरंग के अंत में रोशनी नहीं, बल्कि पुलिस की लाइटें और सायरन इंतजार कर रहे हैं।’
४२७ करोड़ की कोकीन की जब्ती
४२७ करोड़ रुपये की कोकीन की यह जब्ती ‘जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल’ के लिए एक बड़ा झटका जरूर है, लेकिन उनका अरबों का साम्राज्य इस एक सुरंग के बंद होने से मिट्टी में नहीं मिला है। अंधेरे के सौदागर अब भी मेक्सिको के पहाड़ों और तिजुआना की गलियों में बैठकर नई साजिशें बुन रहे होंगे। पकड़े गए चार आरोपी तो सिर्फ प्यादे हैं, असली मोहरे और इस आधुनिक सुरंग को डिजाइन करने वाले मास्टरमाइंड इंजीनियर अब भी अमेरिकी एजेंसियों की गिरफ्त से दूर हैं।

अन्य समाचार