-संदिग्ध ई-मेल के बाद सुरक्षा कड़ी
-रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों, मेट्रो और मंत्रालय पर विशेष निगरानी
-डॉग स्क्वॉड और बीडीडीएस मुस्तैद
स्टेशनों तथा संवेदनशील स्थानों पर डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। लावारिस सामान अथवा संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल जांच के निर्देश हैं।
जेदवी / मुंबई
देश के ८०वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुंबई को अभेद्य सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। हाल में मिले संदिग्ध ई-मेल और सुरक्षा संबंधी इनपुट के बाद मुंबई पुलिस समेत तमाम सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। महत्वपूर्ण ठिकानों, रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों, मेट्रो परिसरों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कई गुना बढ़ा दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे स्टेशनों पर कड़ा पहरा
दादर, बोरीवली, अंधेरी, बांद्रा, मुंबई सेंट्रल और लोकमान्य तिलक टर्मिनस सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और सामान की सघन जांच की जा रही है। प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष निगरानी है। आरपीएफ के साथ आतंकवाद विरोधी दस्ते और एंटी-टेररिज्म ब्रांच के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं।
हवाई अड्डे और मेट्रो भी घेरे में
-छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे तथा मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीआईएसएफ और पुलिस द्वारा पहचान जांच, तलाशी तथा निगरानी बढ़ाई गई है। सीसीटीवी और अन्य निगरानी प्रणालियों से संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मंत्रालय में ‘नो रिस्क’ नीति
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा मंत्रालय में ध्वजारोहण किए जाने के मद्देनजर मंत्रालय और न्यू एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। १४ अगस्त की शाम से कार्यालयों के कमरों और खिड़कियों की सुरक्षा जांच तथा सीलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कर्मचारियों को परिसर छोड़ने से पहले भौतिक निरीक्षण करने और संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
एसआरपीएफ और होमगार्ड भी तैनात
मुंबई और उपनगरों में पुलिस के साथ एसआरपीएफ की टुकड़ियां तथा होमगार्ड भी तैनात हैं। प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रमों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
