उमेश गुप्ता / वाराणसी
-कहा- ‘जब भाजपा में था तो अपराधी नहीं, विपक्ष में आते ही हो गया अपराधी, दम है तो गिरफ्तार करके दिखाओ’
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनके खिलाफ निकाली गई ‘आक्रोश सभा’ का जवाब देते हुए अजय राय ने तीखे तेवर दिखाए और साफ किया कि वह सरकार की इन बैरिकेडिंग से डरने वाले नहीं हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने अपने पुराने दिनों को याद दिलाते हुए भाजपा की दोहरी राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “एक समय था जब मैं खुद भाजपा में था और भाजपा सरकार में मंत्री भी रहा। तब मैं इन्हें अपराधी नहीं लगता था, लेकिन आज जैसे ही मैं विपक्ष में आ गया, मुझे अपराधी बताया जा रहा है।”
अजय राय ने सरकार को सीधी चुनौती देते हुए कहा, “प्रदेश और केंद्र में सरकार आपकी है, फिर यह आक्रोश सभा निकालने की नौटंकी क्यों? अगर मैंने कोई अपराध किया है, तो सीधा मुकदमा दर्ज कराइए और मुझे जेल भेज दीजिए। मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं और न ही मैं कोई भगोड़ा हूं। जब तक चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पराजित नहीं कर दूंगा, तब तक चैन से बैठने वाला नहीं हूं।”
वाराणसी में सियासी गर्माहट के बीच अजय राय ने दिल्ली के एक होटल में हुए दर्दनाक अग्निकांड पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर सरकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की राजधानी के भीतर सुरक्षा मानकों की इस तरह अनदेखी होना बेहद शर्मनाक है और यह सरकार की अकर्मण्यता का जीता-जागता सबूत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) का एनओसी/सर्टिफिकेट पैसे लेकर बांट दिया जाता है, जिसके कारण ऐसे मासूमों की जान जा रही है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य में गिरते पुलों और बुनियादी ढांचे की बदहाली को लेकर सरकार की नीतियों पर भी तीखे सवाल खड़े किए।
