-बीच सड़क पर दम तोड़ रहीं गाड़ियां
-ब्रेकडाउन से थम रही मुंबई की रफ्तार
-यात्रियों की सुरक्षा पर भी उठे सवाल
द्रुप्ति झा / मुंबई
मुंबई की सड़कों पर सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए इन दिनों सफर सिरदर्द बनता जा रहा है। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली बेस्ट बसें पिछले कुछ समय से तकनीकी खराबी के चलते बार-बार बीच सड़क पर बंद हो रही हैं। इस वजह से न सिर्फ यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि शहर की रफ्तार भी थम रही है। फिर से एक बार शुक्रवार को बांद्रा-वेस्ट में मस्जिद के ठीक सामने एक बस के खराब होने की वजह से यातायात पर असर पड़ा । बस के बीच सड़क पर खराब होने के कारण उस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जाम की स्थिति बन गई।
बसें खराब होने या बंद होने की वजह
पुरानी बसें और रखरखाव की कमी बसों के खराब होने और बंद पड़ने की मुख्य वजह है। बेस्ट के बेड़े में शामिल कई बसें काफी पुरानी हो चुकी हैं। इसके अलावा, गैरेज में उनके समय पर और सही रखरखाव की कमी देखी जा रही है। वेट-लीज बसों की समस्या बेस्ट ने बड़ी संख्या में निजी ऑपरेटरों से वेट-लीज पर बसें ली हैं। आरोप है कि ये निजी कंपनियां बसों के मेंटेनेंस पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रही हैं, जिससे ब्रेकडाउन की घटनाएं बढ़ी हैं।
बीच सड़क पर थमती रफ्तार बनी यात्रियों की समस्या
बस अचानक बंद होने से यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ता है। कई बार लोगों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए मजबूरी में ऑटो या टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। व्यस्त समय के दौरान जब कोई बस सड़क के बीचों-बीच या किसी संकरे फ्लाईओवर पर खराब होती है, तो उससे मीलों लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। बार-बार होने वाले इन ब्रेकडाउन से यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
