सामना संवाददाता / मुंबई
वर्ली पुलिस कैंप के पुनर्विकास में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भी घर उपलब्ध कराने के संबंध में ठोस निर्णय लिया जाए और पुलिसकर्मियों के आवास से जुड़े मुद्दों पर जल्द से जल्द उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाए। यह मांग शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की है।
मानसून अधिवेशन के दौरान १० जुलाई को विधानसभा में विपक्ष के अंतिम सप्ताह प्रस्ताव का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा था कि मुंबई के पुलिसकर्मियों के आवास के संबंध में एक सप्ताह के भीतर बड़ा निर्णय घोषित किया जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री की इस घोषणा को एक महीना बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई घोषणा नहीं की गई है और न ही इस संबंध में कोई बैठक हुई है। आदित्य ठाकरे ने मुख्यमंत्री को दिए स्मरणपत्र में यह बात कही है। बता दें वर्ली पुलिस कैंप के पुनर्विकास के संबंध में आदित्य ठाकरे ने १० जुलाई २०२६ को मुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। हालांकि, एक महीना बीत जाने के बाद भी इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उच्चस्तरीय बैठक बुलाएं, पुलिस परिवारों को आमंत्रित करें
आदित्य ठाकरे ने इस मुद्दे पर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में पुलिसकर्मियों के परिवारों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस परिवारों द्वारा गठित आवास संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाना चाहिए।
