-मैदान में उतरी कांग्रेस, करेगी परिसंवाद
सामना संवाददाता / मुंबई
देश की खराब अर्थव्यवस्था, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और वित्तीय क्षेत्र की चुनौतियों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर लगातार हमलावर कांग्रेस अब इन मुद्दों को लेकर व्यापक वैचारिक अभियान छेड़ने जा रही है। इसके तहत पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा, मोदी सरकार के आर्थिक दावों की पोल खोलते हुए देश को सच बताएंगे।
कांग्रेस का मानना है कि केंद्र सरकार आर्थिक विकास और रोजगार सृजन के जो दावे कर रही है, उनकी वास्तविकता जनता के सामने लाना जरूरी है। इसी रणनीति के तहत १३ जून को मुंबई के तिलक भवन में एक विशेष परिसंवाद आयोजित किया जाने वाला है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अर्थशास्त्र विभाग तथा ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परिसंवाद का विषय ‘भारत के आर्थिक एवं राजनीतिक संकट–वास्तविकता और प्रभाव’ रखा गया है। कांग्रेस का दावा है कि इस मंच के माध्यम से मोदी सरकार के आर्थिक दावों और जमीनी हकीकत के बीच के अंतर को उजागर किया जाएगा।
परिसंवाद में पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा, प्रख्यात अर्थशास्त्री अरुण कुमार, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व सांसद कुमार केतकर तथा प्रदेश कांग्रेस के अर्थशास्त्र विभाग के प्रमुख विश्वास उटगी अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल करेंगे। कांग्रेस का आरोप है कि देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी चरम पर है और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं।
नियमित भर्तियों की जगह ठेका प्रणाली को बढ़ावा दिया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि नोटबंदी और जीएसटी जैसी नीतियों ने कृषि, लघु उद्योग और उत्पादन क्षेत्र को भारी नुकसान पहुंचाया है। साथ ही बैंकिंग और बीमा क्षेत्र भी दबाव में हैं तथा वित्तीय क्षेत्र के बढ़ते विदेशीकरण से देश की आर्थिक स्वायत्तता पर खतरा मंडरा रहा है।
