मुख्यपृष्ठसमाचारनव नामांकित छात्रों का डुमरिया डिग्री कॉलेज में इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित

नव नामांकित छात्रों का डुमरिया डिग्री कॉलेज में इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पिछले महीने पूरे बिहार प्रदेश में 211 डिग्री कॉलेज विभिन्न सुदूरवर्ती क्षेत्रों में खोले गए हैं। इन डिग्री कॉलेजों को खोलने का सरकार का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा को बढ़ावा देना एवं ग्रामीण क्षेत्रों, पिछड़े क्षेत्रों तथा नगर और शहरी क्षेत्रों से दूर बसे छात्र-छात्राओं को नजदीकी क्षेत्रों में ही उच्च शिक्षा देने की परिकल्पना है।
इसी कड़ी में पिछले महीने बिहार प्रदेश के पिछड़े, सुदूरवर्ती एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में से एक गया जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर की दूरी पर स्थित डुमरिया प्रखंड है। इसी प्रखंड मुख्यालय में स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, डुमरिया (गया) में नव नामांकित छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया।
प्रोग्राम की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार के स्वागत वक्तव्य से हुई, जिसमें उन्होंने सभा में उपस्थित मुख्य अतिथि, प्राध्यापकगण एवं छात्रों का इस इंडक्शन प्रोग्राम में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद प्राचार्य द्वारा प्रोग्राम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. संतोष सुमन (सहायक प्राध्यापक, अंग्रेजी विभाग, एस. एन. सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद) को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने छात्रों को संबोधित करते हुए ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020’ के विषय में व्याख्यान दिया तथा शिक्षा एवं शिक्षक के महत्त्व पर भी प्रकाश डाला। वहीं, इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार के साथ महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापक सुमित कुमार हलदर, अनिकेत रंजन, बिस्व रंजन, डॉ. गीत, सुमन कुमारी, रिया रश्मि एवं पल्लवी जोशी भी उपस्थित थे।
वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों द्वारा बच्चों को कोर्स के विषय में जानकारी प्रदान की गई तथा छात्रों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। मंच संचालन कॉलेज के सहायक प्राध्यापक सुमित कुमार हलदर द्वारा किया गया। अंत में कॉलेज की प्राध्यापिका डॉ. गीत द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन दिया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

अन्य समाचार