-शिक्षा का मंदिर शर्मसार: बीटेक थर्ड ईयर की होनहार छात्रा को करियर बर्बाद करने और परीक्षा में फेल करने की धमकी; पुलिस ने दबोचा, हवालात में कट रही रात
राजेश सरकार / प्रयागराज
प्रयागराज का नामचीन मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान एक बार फिर कलंकित हो गया है। जिस गुरु को समाज भगवान का दर्जा देता है, उसी ने शिक्षा के मंदिर को हवस का अड्डा बना डाला। संस्थान के कंप्यूटर साइंस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर सौगतो राय पर उनकी ही एक बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा ने बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और विरोध करने पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस वारदात के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर शिवकुटी थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है।
मदद के बहाने संपर्क और विश्वास बहाली
घटनाक्रम के अनुसार, कुछ समय पहले पीड़ित छात्रा के परिजनों ने संस्थान के प्रोफेसर सौगतो राय से मुलाकात कर अपनी बेटी के शैक्षणिक सहयोग का अनुरोध किया था। इसके बाद प्रोफेसर ने छात्रा के परिवार को अपने आवास पर आमंत्रित किया, जिससे उनके बीच एक औपचारिक पहचान और विश्वास कायम हुआ। इसके बाद शैक्षणिक संदेह दूर करने के नाम पर छात्रा का प्रोफेसर के आवास पर आना-जाना शुरू हुआ।
छह अगस्त को जब छात्रा के परिजन वापस चले गए, तब आरोपी प्रोफेसर ने छात्रा को स्नैपचैट एप्लिकेशन डाउनलोड करने का सुझाव दिया। प्रोफेसर का तर्क था कि इसके माध्यम से रात में भी पढ़ाई से संबंधित चर्चा की जा सकती है। हालांकि, आरोप है कि प्रोफेसर ने इस माध्यम का उपयोग पढ़ाई के बजाय छात्रा को आपत्तिजनक और अवांछित संदेश भेजने के लिए करना शुरू कर दिया।
प्रोफेसर पर गंभीर आरोप
पीड़िता की तरफ से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, नौ अगस्त रविवार को दोपहर करीब एक बजे प्रोफेसर ने छात्रा को अपने आवास पर बुलाया। छात्रा का आरोप है कि वहां प्रोफेसर ने उसके साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया। आरोप के अनुसार, प्रोफेसर ने छात्रा को परीक्षा में फेल करने और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना से आहत छात्रा ने 10 अगस्त को शिवकुटी थाने में लिखित तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी प्रोफेसर सौगतो राय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी का आधिकारिक पक्ष:
“छात्रा की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर सौगतो राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। छात्रा का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।”
-वीरेंद्र सिंह यादव, एसएचओ शिवकुटी
इस घटना के सामने आने के बाद संस्थान के छात्रों और नागरिकों में रोष व्याप्त है। सभी पक्षों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा की जा रही है।
