उमेश गुप्ता / वाराणसी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को वाराणसी में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर उनके समर्थन में पोस्टर-बैनर लगाए गए, जिनमें कहीं उन्हें अर्जुन तो कहीं भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दर्शाया गया।
इसी क्रम में वाराणसी कचहरी परिसर में समाजवादी पार्टी के स्नातक एमएलसी आशुतोष सिंह एवं जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के साथ अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर 53 किलो का केक काटकर सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कचहरी परिसर में 53 पौधे भी लगाए गए।
मीडिया से बातचीत करते हुए स्नातक एमएलसी आशुतोष सिंह ने कहा कि आज पीडीए के महानायक एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर अधिवक्ता साथियों के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकारों ने हमेशा अधिवक्ताओं के हितों को प्राथमिकता दी। नेताजी मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गईं।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए 53 किलो का केक काटा गया और 53 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक अनोखा राजनीतिक पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर में अखिलेश यादव को भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में दर्शाया गया है। उनके हाथ में भारतीय संविधान दिखाया गया है, जबकि पोस्टर के माध्यम से उन्हें सामाजिक न्याय और जनहित के मुद्दों की आवाज के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
वाराणसी के रामनगर पंचवटी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर तथा मलिन बस्ती के लोगों में स्कूली बैग और कपड़े वितरित कर अपने सुप्रीमो अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया।
इस अवसर पर सपा कार्यकर्ता रामाकांत जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की लंबी आयु हो। बाबा विश्वनाथ से हम यही प्रार्थना करते हैं। वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की उत्तर प्रदेश में सरकार बने और अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश की सेवा करें।
