मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई के फ्लाईओवरों पर मौत की रेस!

मुंबई के फ्लाईओवरों पर मौत की रेस!

-गोरेगांव एमटीएनएल ब्रिज पर पलटा अंडों से भरा ट्रक

-घंटों लगा ट्रैफिक जाम, नाइट पेट्रोलिंग और स्पीड मॉनिटरिंग पर उठे सवाल

दृप्ति झा / मुंबई

मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए करोड़ों रुपए की लागत से बनाए गए फ्लाईओवर अब रफ्तार के शौकीनों और बेकाबू वाहनों के लिए ‘डेथ ट्रैप’ बनते जा रहे हैं। चमचमाती कंक्रीट की ये सड़कें ट्रैफिक कम करने के बजाय आए दिन होनेवाले हादसों की गवाह बन रही हैं। देर रात ओवरस्पीडिंग, खतरनाक ड्राइविंग और यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी ने मुंबई के कई प्रमुख फ्लाईओवरों को मानो रेसिंग ट्रैक में बदल दिया है।
इसी का ताजा उदाहरण मंगलवार देर रात करीब ३ बजे गोरेगांव में देखने को मिला। गोरेगांव-पश्चिम की ओर जानेवाले व्यस्त एमटीएनएल फ्लाईओवर पर अंडों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में लाखों रुपये मूल्य के अंडे पूरी तरह नष्ट हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि ट्रक चालक और एक टेंपो चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। यदि हादसे के समय यातायात अधिक होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्पीड ने बिगाड़ा संतुलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंडों से लदा ट्रक एमटीएनएल फ्लाईओवर से गुजर रहा था। इसी दौरान एक टेंपो तेज रफ्तार और लापरवाही से ट्रक के बेहद करीब से निकला। टक्कर से बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, लेकिन भारी वजन होने के कारण ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के बीचोंबीच पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक पलटते ही उसमें लदे लाखों अंडे सड़क पर बिखर गए, जिससे मार्ग कई घंटों तक अवरुद्ध रहा। इस दुर्घटना ने एक बार फिर रात के समय मुंबई की सड़कों पर होने वाली बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की समस्या को उजागर कर दिया है। रात होते ही कई डंपर, भारी ट्रक और अन्य वाहन निर्धारित गति सीमा की अनदेखी करते हुए सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं। भारी वाहनों के लिए लगाए गए गति सीमा के संकेतक महज औपचारिकता बनकर रह गए हैं। तेज रफ्तार न केवल वाहन चालकों, बल्कि अन्य निर्दोष राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है।

अन्य समाचार