मुख्यपृष्ठनए समाचारगड्ढों में गई मुंबई!

गड्ढों में गई मुंबई!

-वाहन चालकों का निकल रहा है ‘दम’

-घटिया निर्माण ने खोली भ्रष्टाचार की पोल

द्रुप्ति झा / मुंबई

लगातार हो रही बारिश ने मुंबई की सड़कों की बदहाल तस्वीर एक बार फिर सामने ला दी है। शहर के कई प्रमुख मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। दादर, प्रभादेवी, वर्ली, मालाड, गोरेगांव, बांद्रा-पश्चिम के हिल रोड तथा कुर्ला पश्चिम समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर बने गहरे गड्ढों ने मनपा के सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हर वर्ष मानसून के दौरान सड़कों का उखड़ना और गड्ढों का बनना अब मुंबई की स्थायी समस्या बन चुका है। मनपा हर साल गड्ढों की मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च करती है। इस वर्ष भी जोन-१ से जोन-७ तथा पूर्वी एवं पश्चिमी उपनगरों की सड़कों पर गड्ढे भरने के लिए १६ प्रस्ताव स्थायी समिति से मंजूर कराए गए। साथ ही यह दावा भी किया गया कि शहर में बड़े पैमाने पर कंक्रीट सड़कों के निर्माण के कारण गड्ढे भरने का खर्च कम हुआ है। हालांकि, मौजूदा हालात इन दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। दादर-पश्चिम रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही सेनापति बापट मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्टेशन से फ्लाईओवर की ओर जानेवाले मार्ग पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है। उनका कहना है कि दादर, प्रभादेवी और वर्ली क्षेत्र की कई सड़कों की हालत भी कमोबेश ऐसी ही है। मालाड-पश्चिम के मार्वे रोड पर मिठ चौकी सिग्नल के पास भी सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मुंबईकरों ने बांद्रा-पश्चिम के हिल रोड स्थित ग्लोब सिग्नल, कुर्ला पश्चिम के सहार एयरपोर्ट मार्ग पर जरीमरी कब्रिस्तान के पास, एस वार्ड, एम-ईस्ट वार्ड सहित कई इलाकों की सड़कों पर बने गड्ढों की तस्वीरें और शिकायतें साझा की हैं। मानसून की शुरुआत के साथ ही शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति ने एक बार फिर मुंबई मनपा के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का फर्फ उजागर कर दिया है।

अन्य समाचार