-फडणवीस पर कांग्रेस का जबरदस्त आरोप
सुनील ओसवाल / मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में बारिश और ‘बादल फटने’ की चेतावनी को लेकर नया सियासी बवाल खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि नासिक में संभावित बादल फटने की चेतावनी का इस्तेमाल लोगों में भय पैदा करने और कांग्रेस के आंदोलन को कमजोर करने के लिए किया गया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने नासिक के पंचवटी स्थित प्रसिद्ध कालाराम मंदिर के बाहर आयोजित ‘रघुपति राघव राजाराम’ सत्याग्रह के दौरान कहा कि ‘हमारा आंदोलन बड़ा न हो, लोग घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन हमें आसानी से रोक सके, इसलिए मुख्यमंत्री ने बादल फटने की अफवाह पैâलाई।’ सपकाल ने आरोप लगाया कि त्र्यंबकेश्वर और नासिक में बड़े खतरे का ऐसा माहौल बनाया गया, जबकि बाद में स्थिति सामान्य रही। उन्होंने कहा कि ‘जहां कोई वास्तविक संकट नहीं था, वहां डर का माहौल खड़ा किया गया।’
मंदिर के बाहर सत्याग्रह
बता दें कि अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित दान चोरी के विरोध में कांग्रेस ने कालाराम मंदिर के बाहर कल सत्याग्रह किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘चौकीदार चोर है, देश लुटा… अब राम का दान भी लूटा’ जैसे नारे लिखे बैनर लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सपकाल ने मुख्यमंत्री पर हमला तेज करते हुए कहा कि ‘सरकार का पूरा ध्यान विरोधियों को दबाने और राजनीति करने में है, किसानों और आम जनता की चिंता करने में नहीं।’ हालांकि, यह ध्यान देने योग्य है कि मुख्यमंत्री की चेतावनी मौसम संबंधी आधिकारिक इनपुट के आधार पर दी गई थी, जबकि कांग्रेस का ‘अफवाह पैâलाने’ का आरोप राजनीतिक आरोप है। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन था अलर्ट
सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया था कि मौसम संबंधी इनपुट के आधार पर नासिक-त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा और बादल फटने जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई थी। इसके बाद प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया, स्कूल-कॉलेज बंद किए गए और लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की गई।
