मुख्यपृष्ठनए समाचारविप सभापति कुंवर मानवेंद्र ने किया वृक्षारोपण

विप सभापति कुंवर मानवेंद्र ने किया वृक्षारोपण

-“एक पेड़ मां के नाम” अभियान को दिया बल

सामना संवाददाता / लखनऊ

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने रविवार को लखनऊ के कुकरैल वन क्षेत्र में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पीपल, बरगद, नीम, पाकड़ और अशोक के पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “कुकरैल लखनऊ का फेफड़ा है। इसे और अधिक हरा-भरा बनाने के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा। मुख्यमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने प्रदेश में हरियाली की नई चेतना पैदा की है और विधान परिषद भी इस अभियान में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुड़ी है।” सभापति ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधों की सिंचाई, सुरक्षा और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। अंत में स्वयंसेवकों को पौधे वितरित कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और बेहतर भविष्य प्रदान करेगा।

अन्य समाचार