रोहित माहेश्वरी, लखनऊ
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिटी वॉटर ट्रांसपोर्टेशन प्रॉजेक्ट को लेकर तंज कसा है। जिसके तहत गोमती नदी, कुकरैल, शारदा नहर में वॉटर टैक्सी दौड़ाने की बात की गई है। अखिलेश ने `एक्स’ पर पोस्ट के जरिए पूछा कि क्या वॉटर टैक्सी जलमग्न गोरखपुर की सड़कों पर भी दौड़ेगी? बता दें कि गोरखपुर सीएम सिटी के नाम से फेमस है। बीते दिनों अखिलेश ने गोरखपुर में बारिश से पूरे शहर में जलभराव का एक वीडियो जारी किया था, जिसमें लोग सड़कों पर पानी के बीच चलते हुए नजर आए थे। वीडियो को पोस्ट करते हुए अखिलेश ने लिखा था कि जब तक भाजपा का राज, छोड़ो कार, रखो नाव तैयार। इस तरह अखिलेश ने भाजपा सरकार पर कई सवाल खड़े किए थे।
महाना शेम, शेम
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान गबन के मामले पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के बयान ने नई बहस छेड़ दी है। सतीश महाना ने कहा कि `श्रद्धा में कमी थी, इसलिए चोरी हुआ दान। जिन लोगों को लगता है कि उनका दान चोरी हो गया, संभव है कि उन्होंने सच्ची श्रद्धा से दान नहीं दिया हो।’ उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों ने बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि दान की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है, न कि श्रद्धालुओं की आस्था पर सवाल उठाना।
भाजपा में अब नहीं बची आत्मा!
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने अपनी प्रशासनिक अक्षमता के चलते उत्तर प्रदेश को पिछड़ा बीमारू प्रदेश बना दिया है। सरकार ने विकास का ढोल पीट कर जिन योजनाओं का खूब प्रचार किया वह सब भ्रष्टाचार की शिकार बन गई है। एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं और सड़कें धंस रही हैं। अयोध्या और राम मंदिर को लेकर भाजपा ने खूब हो हल्ला मचाया, लेकिन चढ़ावा चोरी के कारण काला दाग लग गया। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि एक दल के रूप में भाजपा में अब कोई आत्मा नहीं बची है। भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल हो चुकी है। किसानों को समय से खाद, बीज और कीटनाशक नहीं मिल रहा है। फसल की लागत नहीं मिल रही है।
