मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिसोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने के विरोध में बदलापुर में विरोध...

सोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने के विरोध में बदलापुर में विरोध प्रदर्शन

सामना संवाददाता / जौनपुर

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे प्रख्यात वैज्ञानिक व समाजसेवी सोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने के विरोध तथा अन्य भूख हड़तालियों के समर्थन में आज, 20 जुलाई 2026 को छात्र संगठन एआईडीएसओ, युवा संगठन एआईडीवाईओ व ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी की ओर से बदलापुर सब्जी मंडी से जुलूस निकालकर इंदिरा चौक पर प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) को भंग करो”, “सोनम वांगचुक व अन्य अनशनकारियों पर हमले बंद करो”, “हर तरह के पेपर लीक पर रोक लगाओ”, “नीट के मृतक छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा दो”, “नई शिक्षा नीति-2020 रद्द करो”, “सार्वजनिक शिक्षा को मजबूत करो” तथा “पेपर लीक के दोषियों को कठोर सजा दो” जैसे नारों से आकाश गूंज उठा।
वक्ताओं ने कहा कि पिछले एक महीने से तमाम छात्र, अभिभावक और आम लोग इस विरोध प्रदर्शन में लगातार शामिल होकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा एनटीए को भंग करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ध्यान देना चाहिए।
प्रदर्शन को रामकुमार यादव, यादवेंद्र पाल, प्रमोद कुमार शुक्ल, कृष्णा सिंह, दिनेशकांत मौर्य, संतोष कुमार प्रजापति, इंदुकुमार शुक्ल, राजबहादुर विश्वकर्मा, अपूर्व दूबे, अंजली सरोज, पूनम प्रजापति, नीरज गुप्ता, गार्गी पाल, विजय मौर्य सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन दिलीप कुमार ने किया।

अन्य समाचार