-मीरा-भायंदर में आधी रात चार बदमाशों ने घेरा
-पकड़े गए आरोपियों में तीन नाबालिग
सामना संवाददाता / मीरा-भायंदर
ऑनलाइन ऐप से मिली सवारी लेने जाना एक ऑटो चालक के लिए खौफनाक अनुभव बन गया। रैपिडो पर बुकिंग स्वीकार कर तय स्थान पर पहुंचे २४ वर्षीय चालक को चार युवकों ने घेर लिया। आरोपियों ने पहले उसका मोबाइल छीना, फिर बेरहमी से पिटाई की और गर्दन पर चाकू रखकर नकदी के साथ ऑनलाइन रुपए भी लूट लिए। वर्तकनगर निवासी सचिन यादव ऑटो चलाने के साथ रैपिडो ऐप के माध्यम से भी यात्रियों को सेवा देते हैं। शनिवार रात करीब एक बजे उन्हें घोड़बंदर स्थित वेलकर पेट्रोल पंप के पास से बुकिंग मिली। सामान्य सवारी समझकर वह कुछ ही मिनट में मौके पर पहुंच गए। वहां बुकिंग करने वाले युवक के साथ तीन अन्य लोग भी मौजूद थे।
चारों ने बातचीत में उलझाकर सचिन को घेर लिया और उनका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनकी पिटाई कर जेब से ७०० रुपए निकाल लिए। लूट यहीं नहीं रुकी। युवकों ने चालक की गर्दन पर धारदार चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और मोबाइल अनलॉक करवाया। फिर ऑनलाइन लेन-देन के जरिए दो हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। डरे-सहमे सचिन ने काशीगांव पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी सबूतों और स्थानीय जानकारी के आधार पर तेजी से जांच करते हुए रविवार को चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
फर्जी बुिंकग से लूट को अंजाम
पुलिस को संदेह है कि यह गिरोह रैपिडो और अन्य ऑनलाइन यात्री सेवाओं के चालकों को फर्जी बुकिंग के जरिए सुनसान स्थानों पर बुलाकर निशाना बनाता था। आरोपियों ने इसी तरीके से और कितनी वारदातें की हैं, इसकी जांच की जा रही है। इस घटना ने ऐप आधारित टैक्सी और ऑटो चालकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
