-संपर्क के लिए अलग ई-मेल आईडी जारी, वकीलों से भी सहयोग की अपील
सामना संवाददाता / मुंबई
नीट पेपर लीक के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में शामिल छात्रों को शिवसेना हर तरह की कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने वाले आंदोलनकारियों के मुकदमे शिवसेना मुफ्त में लड़ेगी, ऐसा आश्वासन शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने दिया। उन्होंने राज्य के वकीलों से भी इस मामले में छात्रों का सहयोग करने की अपील की।
आदित्य ठाकरे ने ‘मातोश्री’ निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए अमानवीय लाठीचार्ज और मुंबई के चैत्यभूमि क्षेत्र में आंदोलनकारियों के खिलाफ पुलिस द्वारा की गई कथित दमनकारी कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
दिल्ली में चल रहे आंदोलन के समर्थन में मुंबई में भी लोगों ने उत्स्फूर्त रूप से चैत्यभूमि पर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस वहां से भी प्रदर्शनकारियों को जबरन वाहनों में भरकर अलग-अलग पुलिस थानों में ले गई। इनमें कई लोग नाबालिग थे, इसके बावजूद उन्हें अवैध तरीके से हिरासत में लिया गया। पुलिस उन्हें लगातार नोटिस देकर एफआईआर दर्ज कर रही है। कई छात्रों को परेशान कर रही है। ऐसे सभी आंदोलनकारियों को शिवसेना की ओर से कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
यहां करें संपर्क, शिवसेना करेगी मदद
आदित्य ठाकरे ने कहा कि शिवसेना की ओर से ऐसे आंदोलनकारियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए shivsenaubtlegal@gmail.com ई-मेल आईडी जारी की गई है। यहां पूरी जानकारी देकर संपर्क करें। शिवसेना आपके साथ खड़ी रहेगी और हरसंभव कानूनी सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी राजनीतिक दलों, छात्र संगठनों और वकीलों को एकजुट होकर सामने आना जरूरी है।
