मुख्यपृष्ठसमाचारदक्षिण बिहार सेंट्रल यूनिवर्सिटी की पीएचडी शोधार्थी डॉ. निगहत परवीन को प्रतिष्ठित...

दक्षिण बिहार सेंट्रल यूनिवर्सिटी की पीएचडी शोधार्थी डॉ. निगहत परवीन को प्रतिष्ठित एएनआरएफ राष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश के गया जिला मुख्यालय से 16 किलोमीटर की दूरी पर स्थित दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के पर्यावरण विज्ञान विभाग की पीएचडी शोधार्थी डॉ. निगहत परवीन का चयन भारत सरकार के अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन (एएनआरएफ) की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप (एनपीडीएफ) के लिए हुआ है। यह फेलोशिप एएनआरएफ राष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप योजना के अंतर्गत दो वर्षों की अवधि के लिए प्रदान की गई है।
इस उपलब्धि पर सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह, कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा, पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार रंजन, प्रो. राम कुमार, प्रो. प्रधान पार्थ सारथी, डॉ. प्रशांत, डॉ. एन. एल. देवी, डॉ. सोमा गिरी तथा विभाग के अन्य शिक्षकों ने डॉ. परवीन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इस संबंध में जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि डॉ. निगहत परवीन ने पर्यावरण विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. सोमा गिरी के निर्देशन में अपना पीएचडी शोधकार्य पूरा किया है। अब वे अपने पोस्ट-डॉक्टोरल शोधकार्य के लिए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली के स्कूल ऑफ एनवायरनमेंटल साइंसेज से जुड़ेंगी।
उन्होंने बताया कि एएनआरएफ राष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप देश की सबसे प्रतिष्ठित एवं अत्यंत प्रतिस्पर्धी शोध फेलोशिपों में से एक है, जिसका उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अग्रणी क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए प्रतिभाशाली युवा शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें सहयोग प्रदान करना है। इस फेलोशिप के अंतर्गत डॉ. परवीन को प्रतिमाह फेलोशिप राशि के साथ-साथ शोध अनुदान तथा संस्थागत सहयोग भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण शोधकार्य कर सकेंगी।

अन्य समाचार