प्रदर्शन कर रहे वीबीए कार्यकर्ता हिरासत में
राधेश्याम सिंह / विरार
नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन और उन पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को महाराष्ट्र बंद के दौरान विरार में राजनीतिक माहौल गरमा गया। वंचित बहुजन विकास आघाड़ी के कार्यकर्ताओं ने विरार पूर्व रेलवे स्टेशन के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए १७ से १८ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया, जिन्हें बाद में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रिहा कर दिया गया।
विरार पूर्व रेलवे स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने नीट विवाद और छात्रों के आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विरार पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए कई कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से विरोध दर्ज कराने से रोका गया। विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक लालू तूरे ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए १७–१८ लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी को रिहा कर दिया गया।
