मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिनाथू कॉलोनी चौक पर ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष अभियान, 93 वाहनों...

नाथू कॉलोनी चौक पर ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष अभियान, 93 वाहनों पर कार्रवाई

योगेश कुमार सोनी / पूर्वी दिल्ली

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल द्वारा शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को नाथू कॉलोनी चौक पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा किए जा रहे यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य यातायात को सुचारु बनाए रखना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
इस अभियान में एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, दो जोनल अधिकारी (जेडओ), चार अधीनस्थ कर्मचारी तथा क्रेन स्टाफ सहित कुल नौ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्रवाई के दौरान अनुचित पार्किंग करने वाले ई-रिक्शाओं के 50 ई-चालान किए गए, जबकि विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 40 वीओसीए चालान जारी किए गए। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन ई-रिक्शा जब्त (इम्पाउंड) किए गए।
इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 93 वाहनों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क पर अनुशासन बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, ताकि सभी नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराया जा सके।
इस संबंध में नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल के टीआई विकास पंवार ने कहा, “कोई भी व्यक्ति फ्लाईओवर के नीचे वाहन खड़ा न करे। कुछ लोगों ने सरकारी जगह को अपनी निजी पार्किंग समझ लिया है। अभी तो चालान किए गए हैं, लेकिन यदि अब कोई भी वाहन वहां खड़ा मिला तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।”

अन्य समाचार