सामना संवाददाता / जौनपुर
चांदपुर, महाराजगंज निवासी सूर्य प्रकाश शर्मा ‘बबलू’ के विद्युत दुर्घटना में आकस्मिक निधन की खबर से पूरा समाज स्तब्ध और मर्माहत है। इस अपूरणीय क्षति के बाद शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए शुक्रवार, 24 जुलाई 2026 को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज बंधु और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
दुख और विपदा की इस कठिन घड़ी में सामाजिक एकजुटता और मानवता की मिसाल पेश करते हुए भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। संस्था ने न केवल परिवार का दुख साझा किया, बल्कि उन्हें संबल प्रदान करने के उद्देश्य से आर्थिक सहायता का चेक भी सौंपा। संस्था की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
एकजुट हुआ समाज, शीर्ष नेतृत्व ने बंधाया ढांढस
श्रद्धांजलि सभा में संस्था के शीर्ष पदाधिकारियों और वरिष्ठ समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि समाज इस कठिन समय में उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम में भारतीय नाई कल्याण विकास सेवा समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा, प्रधान महासचिव एवं समाजवादी पार्टी मजदूर सभा, जौनपुर के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा, जिलाध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा ‘सोनू’, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा, सैलून संघ बदलापुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ललित शर्मा, सचिव प्रमोद कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा, तहसील अध्यक्ष (मछलीशहर) राकेश शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष (मुंगरा बादशाहपुर) मनीष शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष (सुजानगंज) मुकेश शर्मा, तहसील अध्यक्ष (बदलापुर) श्याम बहादुर शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष (बक्शा) प्रमोद शर्मा, संतोष शर्मा तथा सुशील शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। साथ ही शोक संतप्त परिवार को इस असह्य दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
