रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर दहिसर पूर्व स्थित विठ्ठल-रखूमाई मंदिर में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ देखी गई। दर्शनार्थी “जय हरि विठ्ठल, जय विठ्ठल तुकाराम” का जयघोष करते हुए भगवान विठ्ठल तथा रखुमाबाई के दर्शन के लिए कतारबद्ध होकर मंदिर की ओर बढ़ रहे थे।
मंदिर के प्रबंधक मोहनदास माल्या ने बताया कि मंदिर प्रबंधन की ओर से वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से कतार की व्यवस्था की गई थी। दर्शनार्थियों के जूते-चप्पलों के लिए निःशुल्क स्टैंड बनाए गए थे। मंदिर के स्वयंसेवकों की भूमिका सराहनीय रही। दहिसर पुलिस स्टेशन की ओर से पुलिस का अच्छा बंदोबस्त किया गया था। इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने भगवान विठ्ठल के दर्शन किए। वहीं, कुछ राजनीतिक दलों की ओर से विठ्ठल भक्तों को तुलसी के पौधे भी भेंट किए गए।
