मुख्यपृष्ठटॉप समाचारशिवतीर्थ पर उमड़ा युवाओं का महासागर...गर्व से फहराया तिरंगा!.. एक देश एक...

शिवतीर्थ पर उमड़ा युवाओं का महासागर…गर्व से फहराया तिरंगा!.. एक देश एक झंडा एक आवाज… जेन-जी क्रांति की जयजयकार!.. अंधभक्तों के विरुद्ध देशभक्त जीते… भाजपा विरुद्ध भारत संघर्ष शुरू… उद्धव ठाकरे गरजे

सामना संवाददाता / मुंबई

शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने आंदोलन की सफलता के लिए देश के छात्रों और युवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज मैं किसी को बधाई नहीं, बल्कि तमाम देशभक्तों को नमन करता हूं। आज कोई चुनाव किसी ने नहीं जीता, बल्कि अंधभक्तों के खिलाफ देशभक्तों की जीत हुई है। भाजपा बनाम हिंदुस्थान के संघर्ष की शुरुआत अब हो गई है। इस आग की लौ को अब जलाए रखें, सत्ता के अहंकारियों को बर्दाश्त न करें और देश को दोबारा कोई कमजोर न करने पाए। उद्धव ठाकरे ने कहा कि युवाओं की इस शक्ति और एकजुटता को हिंदुस्थान के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने देश के युवाओं से सत्ताधारियों के अहंकार को बर्दाश्त न करने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
वोट चुरा सकते हैं, लेकिन देशभक्तों के मन की आग कैसे चुराएंगे?
छात्रों के आंदोलन को सक्रिय समर्थन देने के लिए शिवसेना और मनसे की आलोचना करनेवालों पर भी उद्धव ठाकरे ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमसे पूछा जा रहा है कि चुनावों में अभी तीन साल बाकी हैं। अरे, चुनाव जाएं भाड़ में। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अब देख लिया है कि वोटों की चोरी की जा सकती है, लेकिन लोगों को चुराया नहीं जा सकता, उनके मन की आग नहीं चुराई जा सकती। क्योंकि देशभक्तों के दिल में आग अब जल उठी है और उनमें आक्रोश है। उद्धव ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि एक कॉकरोच ने तानाशाह को झुका दिया। यही असली विष्णु का अवतार है।
उद्धव ठाकरे ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के मंत्रियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदीजी, आपके मंत्री राजनीतिक दलों को तोड़ने और उनमें फूट डालने में व्यस्त हैं। उनसे कहिए कि दलों की तोड़-फोड़ के बजाय देश का काम करें। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गिरते रुपए के बारे में बात नहीं करतीं, महंगाई के बारे में बात नहीं करतीं, लेकिन पेपर लीक के फायदे को बता रही हैं। देश की सुरक्षा व्यवस्था की हालत खराब है, लेकिन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह धर्मेंद्र प्रधान के बचाव के लिए आगे आए थे। ‘गड्ढा मंत्री’ नहीं, सड़क मंत्री हैं, लेकिन वे इथेनॉल पर बोल रहे हैं। इस तरह उद्धव ठाकरे ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी निशाने पर लिया।
आत्महत्या करनेवाले छात्रों के परिवारों का दर्द नहीं भूलेंगे
उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने प्रिय धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से हटाते समय जितनी पीड़ा हुई होगी, उससे कहीं अधिक पीड़ा पेपर लीक के बाद आत्महत्या करनेवाले छात्रों के परिवारों को हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि उन परिवारों की पीड़ा को हम कभी नहीं भूलेंगे।
जहां मिलें, इन ढोंगी अंधभक्तों को हिंदुत्व सिखाएं
आंदोलन की सफलता के बाद बौखलाए हुए अंधभक्त छात्रों के वीडियो को लेकर उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि छात्रों को भी इन ढोंग का सहारा लेनेवाले अंधभक्तों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने चाहिए और जहां भी वे मिलें, उन्हें हिंदुत्व और राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाना चाहिए।

अन्य समाचार