राजेश सरकार / प्रयागराज
नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिथिल कार्यप्रणाली के कारण भवन स्वामियों को अभी तक गृहकर के बिल प्राप्त नहीं हो सके हैं। इसके चलते उन्हें गृहकर जमा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अवन्तिका विकास समिति ने इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों से कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। ऐसे में भवन स्वामियों को समय पर कर जमा करने पर मिलने वाली छूट से वंचित होने की चिंता सताने लगी है।
उल्लेखनीय है कि नैनी स्थित अवन्तिका कॉलोनी को लगभग तीन वर्ष पूर्व नगर निगम सीमा में शामिल किया गया था। इसके बाद कराए गए सर्वे में कथित अनियमितताओं के कारण अनेक भवनों के गृहकर बिल गलत बनाए गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कई बिल आज तक संशोधित नहीं किए गए। वहीं, जिन उपभोक्ताओं के बिल सही हैं, उन्हें भी अभी तक बिल उपलब्ध नहीं कराया गया है। कुछ उपभोक्ताओं के मोबाइल पर कर जमा करने का संदेश तो पहुंचा है, लेकिन बिल प्राप्त करने और त्रुटियों के समाधान के लिए उन्हें नगर निगम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब नगर निगम राजस्व वसूली जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था में ही इतनी लापरवाही बरत रहा है, तो अन्य नागरिक सुविधाओं और समस्याओं के समाधान की स्थिति का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र सभी उपभोक्ताओं को सही गृहकर बिल उपलब्ध कराने तथा समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की है।
