मुख्यपृष्ठसमाचारसुल्तानपुर में बच्चों के क्रीड़ांगन अतिक्रमण की चपेट में...कराए जाएंगे खाली

सुल्तानपुर में बच्चों के क्रीड़ांगन अतिक्रमण की चपेट में…कराए जाएंगे खाली

-क्रीड़ांगनों के मौजूदा हालात जानने के लिए डीएम ने अफसरों से एक सप्ताह के भीतर जीपीएस सहित रिपोर्ट मांगी

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

अवध के सुल्तानपुर जिले में स्कूल-कॉलेजों और ग्राम पंचायतों के खेल मैदानों पर जमीन के अवैध कारोबारियों की नजर है। अतिक्रमण के चलते कई क्रीड़ांगन अपना अस्तित्व भी खो चुके हैं। इसे लेकर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने गंभीर रुख अपनाया है। मंगलवार को जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में उन्होंने सभी खेल मैदानों को चिह्नित कर उनकी अद्यतन रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं डीसी मनरेगा को दिए।
जिलाधिकारी ने सभी माध्यमिक एवं राजकीय विद्यालयों सहित अन्य विभागों के खेल मैदानों की वर्तमान स्थिति की जीपीएस सहित अद्यतन रिपोर्ट मांगी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने विभागों को ग्रामीण क्षेत्रों के खेल मैदानों की स्थिति से भी अवगत कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी दशा में खेल मैदानों पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। यह खिलाड़ियों के खेलने का स्थान है। जहां भी खेल मैदान पर अतिक्रमण मिलेगा, उसे प्रशासन के सहयोग से खाली कराया जाएगा।

अन्य समाचार