-63,183 स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी स्तर के विद्यार्थियों को प्रदान की गयी उपाधियां
उमेश गुप्ता / वाराणसी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह सोमवार को गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि कैप्टन बी.के. त्यागी, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, अति विशिष्ट अतिथि योगेंद्र उपाध्याय, प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री तथा विशिष्ट अतिथि रजनी तिवारी, राज्य मंत्री (उच्च शिक्षा) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुआ। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित किया। इसके उपरांत कुलपति ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई तथा कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने सभी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान किए जाने की औपचारिक घोषणा की।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, संस्कार और संवेदनशीलता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोध स्तर के 63,183 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें स्नातक के 49,659, स्नातकोत्तर के 13,401 तथा पीएचडी के 123 शोधार्थी शामिल रहे। उपाधि प्राप्त करने वालों में 22,183 छात्र तथा 41,000 छात्राएं रहीं, जो उच्च शिक्षा में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी का सशक्त प्रमाण है।
समारोह में विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को 43 स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें स्नातक वर्ग के 8 तथा स्नातकोत्तर वर्ग के 16 विद्यार्थियों के अलावा दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों सुमित कुमार भारती और अंजलि कुमारी को भी स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। कुल 17 विद्यार्थियों ने दो-दो स्वर्ण पदक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
समारोह में तेलंगाना स्थित श्री देवी हैंडलूम के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. की उपाधि से सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के चार शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान भी प्रदान किया गया।
समारोह के सांस्कृतिक सत्र में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टिकरी की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित समूह गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को प्रकृति संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। दीक्षांत समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, शोधार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
