उमेश गुप्ता / वाराणसी
प्रदेशव्यापी साइबर अपराध विरोधी अभियान “Cy-Vazra” के तहत वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर क्राइम सेल और थाना कैंट की संयुक्त टीम ने अर्दली बाजार स्थित विध्यवासिनी नगर कॉलोनी में संचालित एक फर्जी महिला कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाएं अखबारों में फर्जी मैरिज ब्यूरो के विज्ञापन प्रकाशित कर स्वयं को Shubhmatrimonial का प्रतिनिधि बताती थीं। इसके बाद वे युवक-युवतियों से Lifetime Subscription के नाम पर रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराती थीं। पैसे लेने के बाद न तो उनकी शादी कराई जाती थी और न ही रकम वापस की जाती थी। शिकायत करने पर पीड़ितों के मोबाइल नंबर तक ब्लॉक कर दिए जाते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अब तक लगभग 600 से 700 लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। पुलिस के अनुसार इस पूरे फर्जीवाड़े में करीब ₹10 लाख की ठगी की गई है। वाराणसी पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
