मुख्यपृष्ठनए समाचार`मातोश्री’ पर गुरु पूर्णिमा का उत्साह...गुरुवंदना के लिए शिवसैनिकों की लंबी कतार

`मातोश्री’ पर गुरु पूर्णिमा का उत्साह…गुरुवंदना के लिए शिवसैनिकों की लंबी कतार

सामना संवाददाता / मुंबई

प्रखर हिंदुत्व के समर्थक और महाराष्ट्र की जनता में आत्मसम्मान की प्रज्वलित भावना जगाने वाले हिंदूहृदयसम्राट, शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे को गुरुवंदना अर्पित करने के लिए बुधवार को पूरे दिन ‘मातोश्री’ निवास पर निष्ठावान शिवसैनिकों की लंबी कतार लगी रही। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुंबई सहित महाराष्ट्र के कोने-कोने से शिवसैनिक ‘मातोश्री’ पहुंचकर शिवसेनाप्रमुख के आसन के सामने नतमस्तक हो रहे थे।
गुरुवंदना के लिए प्रत्येक शिवसैनिक अपने हाथों में श्रद्धापूर्वक चंपा के फूल और हार लेकर पहुंचा था। इससे ‘मातोश्री’ परिसर में गुरु पूर्णिमा का अखंड उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने शिवसैनिकों द्वारा साहेब को दी गई श्रद्धांजलि और अभिवादन को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि हम सभी बालासाहेब ठाकरे द्वारा दिए गए गुरुमंत्र को ध्यान में रखते हुए आगे भी कार्य करते रहेंगे। शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र अस्मिता की बुलंद आवाज थे। उनके प्रखर विचारों ने लोगों के जीवन में नई चेतना और आत्मसम्मान की भावना जगाई। आज भी शिवसेनाप्रमुख के विचार तमाम लोगों और शिवसैनिकों को नई ऊर्जा देते हैं तथा अपने न्यायसंगत अधिकारों के लिए संघर्ष करने की शक्ति प्रदान करते हैं। इसी भावना के साथ हर वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महाराष्ट्र के कोने-कोने से शिवसैनिक ‘मातोश्री’ पहुंचते हैं। इस वर्ष भी ‘मातोश्री’ पर गुरु पूर्णिमा का वही उत्साह देखने को मिला। गुरु वंदना के लिए शिवसैनिकों ने बुधवार सुबह से ही कतार लगानी शुरू कर दी थी। उन्होंने शिवसेनाप्रमुख की तस्वीर और उनके आसन को नमन किया। बालासाहेब को प्रिय चंपा के फूल और चंपा का हार अर्पित करते समय कई शिवसैनिक भावुक हो गए। प्रत्येक शिवसैनिक बालासाहेब के आसन के सामने नतमस्तक होकर यह संकल्प ले रहा था कि वह बालासाहेब की दी हुई सीख और उनकी प्रखर विचारधारा को सामने रखकर ही आगे बढ़ेगा।
`बालासाहेब ही हम सबके गुरु और आराध्य हैं’
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे को आदरांजलि देकर प्रिय चाफा के फूल उनके आसन पर अर्पित करते हुए शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने नमन किया। अपने गुरु एवं आराध्य शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे को मानवंदना देने पहुंचे निष्ठावान शिवसैनिकों के प्रेम और श्रद्धा को सम्मानपूर्वक उद्धव ठाकरे ने स्वीकार किया। उद्धव ठाकरे ने शिवसेना प्रेमी नागरिकों और शिवसैनिकों का स्वागत किया।
इस दौरान प्रत्येक शिवसैनिक अपने प्रिय परिवारप्रमुख उद्धव ठाकरे के सामने विनम्रतापूर्वक झुककर उनका अभिवादन कर रहा था। इस पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि बालासाहेब ही हम सभी के गुरु और आराध्य हैं। आइए, हम सभी उनके सामने नतमस्तक हों और शिवसेनाप्रमुख द्वारा दी गई सीख का पालन करें। उनके प्रखर विचारों को अपने स्मरण में रखते हुए कार्य करें।
उद्धव ठाकरे ने शिवसैनिकों से कहा कि झुकिए मत, आपका प्रेम भरा ‘जय महाराष्ट्र’ ही मेरे लिए पर्याप्त है। आप सभी को स्वस्थ और निरोगी जीवन प्राप्त हो। इस अवसर पर शिवसैनिकों ने उद्धव ठाकरे को शॉल और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। इस दौरान बालासाहेब ठाकरे और मांसाहेब श्रीमती मीनाताई ठाकरे के चित्र पर भी चाफा के फूलों की माला अर्पित की गई। शिवसेना नेता अनिल परब, चंद्रकांत खैरे, अंबादास दानवे, राजन विचारे, शिवसेना सचिव सूरज चव्हाण, उपनेता विनोद घोसालकर, गुरुनाथ खोत, उपनेता विशाखा राऊत, विधायक मिलिंद नार्वेकर, सुनील शिंदे, रमेश कोरगांवकर, अनंत (बाला) नर, पूर्व महापौर श्रद्धा जाधव, परशुराम उपरकर, भाऊ कोरगांवकर, सुप्रदा फातर्पेकर, नगरसेवक निशिकांत शिंदे, प्रवीणा मोरजकर, संपदा मयेकर, स्नेहल शिवकर, वैâलासनाथ पाठक, ठाणे शहरप्रमुख अनीश गाढवे, विभागसंगठक विश्वनाथ सावंत, गजानन लाड, अधिवक्ता मिराज शेख, चंद्रकांत खोपडे सहित कई नेताओं और शिवसैनिकों ने ‘मातोश्री’ निवास पर पहुंचकर शिवसेनाप्रमुख को नमन किया। यहां कई शिवसैनिक भगवा वस्त्र पहनकर पहुंचे थे। वरिष्ठ शिवसैनिकों ने बालासाहेब ठाकरे से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया। इस दौरान सभी ने बालासाहेब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए पार्टी संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
शिवतीर्थ स्थित स्मृतिस्थल पर भी अर्पित की गई पुष्पांजलि
शिवतीर्थ स्थित शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के स्मृतिस्थल पर भी पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए शिवसैनिकों की कतार लगी रही। मुंबई शहर और उपनगरों से बड़ी संख्या में शिवसैनिक तथा शिवसेना समर्थक नागरिक शिवतीर्थ पहुंचे। कई लोगों ने सुबह ही शिवसेनाप्रमुख को नमन किया और उसके बाद अपने काम पर रवाना हुए। इस दौरान ‘शिवसेना’ और ‘शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

अन्य समाचार