मुख्यपृष्ठसमाचारबारा पर सूखे की मार, डीएम से गुहार; क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित...

बारा पर सूखे की मार, डीएम से गुहार; क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करें

-मुआवजा दें और बिजली बिल व कृषि ऋण माफ करें

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर जोन के बारा तहसील क्षेत्र में लगातार कम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में खड़ी फसलें सूखे की मार झेल रही हैं और किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराता जा रहा है। हालात से परेशान किसानों ने जिलाधिकारी मनीष वर्मा से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बयां की और तत्काल राहत देने की मांग की।
किसानों ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि समय पर वर्षा न होने से खेती पूरी तरह प्रभावित हो गई है। खेतों में नमी समाप्त हो रही है और सिंचाई का खर्च लगातार बढ़ने से किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द पर्याप्त वर्षा नहीं हुई तो खरीफ की फसल चौपट होने से भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मौके पर सर्वे कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, पूरे बारा क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित किया जाए। दूसरी, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। तीसरी, किसानों के कृषि ऋण और बिजली के बकाया बिल माफ किए जाएं, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को राहत मिल सके।
जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों की मांगों को संबंधित विभागों के समक्ष भेजकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। साथ ही तीनों मांगों पर शासन स्तर पर भी आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते प्रभावी कदम उठाता है तो हजारों किसानों को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिलेगी। अब क्षेत्र के किसानों की निगाहें शासन और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

अन्य समाचार