मुख्यपृष्ठस्तंभहॉलीवुड हॉटलाइन: सोफ्या जरा संभलकर, अश्लीलता फैलाई तो जाना होगा जेल!

हॉलीवुड हॉटलाइन: सोफ्या जरा संभलकर, अश्लीलता फैलाई तो जाना होगा जेल!

पुतिन का ‘पॉर्न वॉर’ तेज

रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कथित `पारंपरिक मूल्यों’ की नीति के बीच ऑनलाइन अश्लील सामग्री पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी अभियान के तहत २१ वर्षीय चर्चित ऑनलाइन कंटेंट क्रिएटर सोफ्या वर्शिनिना को अदालत ने अश्लील सामग्री बनाने और इंटरनेट के माध्यम से उसका प्रसार करने का दोषी ठहराया है। हालांकि, दोष स्वीकार करने और अदालत में पछतावा जताने के कारण वह जेल जाने से बच गई। लेकिन मॉस्को की अदालत ने सोफ्या को तीन वर्ष की निलंबित सजा सुनाई है। इसका मतलब है कि यदि वह अदालत की शर्तों का उल्लंघन करती है तो उसे जेल भेजा जा सकता है। इसके अलावा उस पर करीब ६० हजार डॉलर (लगभग ५० लाख रुपए से अधिक) का जुर्माना लगाया गया है और सबसे बड़ा झटका यह है कि अगले तीन वर्षों तक वह इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर सकेगी। इससे उसका पूरा ऑनलाइन कारोबार ठप हो जाएगा।
रूसी अभियोजन पक्ष के अनुसार, सोफ्या ने ऑनलाइन सदस्यता आधारित मंचों और टेलीग्राम के जरिए वयस्कों के लिए सामग्री बेचकर चार लाख डॉलर से अधिक की कमाई की थी। जांच के दौरान उसका महंगा स्मार्टफोन जब्त कर लिया गया, जबकि मामले में साक्ष्य के रूप में जब्त की गई अन्य निजी वस्तुएं बाद में उसे लौटा दी गईं। सोफ्या अकेली नहीं हैं। रूस में कई अन्य ऑनलाइन कंटेंट क्रिएटर भी इसी तरह की कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। २७ वर्षीय डायना शुरीगिना फिलहाल मुकदमे का इंतजार करते हुए हिरासत में हैं, जबकि एक अन्य कंटेंट क्रिएटर अनास्तासिया ओव्स्यान्निकोवा से भी पूछताछ की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि रूस में ऑनलाइन वयस्क सामग्री के खिलाफ यह अभियान आगे और तेज हो सकता है। पुतिन सरकार का कहना है कि वह देश में तथाकथित पारंपरिक सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती बरत रही है। ऐसे में इंटरनेट के जरिए वयस्क सामग्री से कमाई करने वालों के लिए रूस में आने वाला समय और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।

अन्य समाचार