-‘धरोहर बचाओ, भविष्य बचाओ’ का दिया संदेश
राजेश सरकार / प्रयागराज
कटरा मिशन कंपाउंड की ऐतिहासिक भूमि पर प्रस्तावित स्टाम्प एवं सहायक निबंधक (रजिस्ट्री) कार्यालय के निर्माण को लेकर शनिवार को मसीही समाज खुलकर विरोध में उतर आया। समाज के प्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता कर प्रशासन के फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया और इसे धार्मिक धरोहर, शिक्षा व्यवस्था तथा समाज सेवा की मूल भावना पर सीधा आघात बताया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो कानूनी और लोकतांत्रिक स्तर पर व्यापक संघर्ष किया जाएगा।
कटरा चर्च के प्रेसबीटर इंचार्ज रेव. अजीत ऑलिवर फ्रांसिस ने कहा कि यह भूमि कोई सामान्य सरकारी जमीन नहीं, बल्कि वर्ष 1849 में महाराजा जयपुर सवाई मानसिंह द्वारा मानव सेवा और शिक्षा के उद्देश्य से प्रदान की गई ऐतिहासिक धरोहर है। बाद में वर्ष 1905 में जी.एम. एलेक्जेंडर ने इसे नीलामी के माध्यम से खरीदा और इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस परिसर में आज कटरा चर्च के साथ शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बिशप जॉनसन एक्सटेंशन और मेरी लुकस कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जबकि करीब 90 मसीही परिवार भी यहीं निवास करते हैं।
रेव. फ्रांसिस ने बताया कि संबंधित भूमि दोनों शिक्षण संस्थानों की बोर्ड मान्यता से जुड़े अभिलेखों का हिस्सा है। यदि इस भूमि पर सरकारी निर्माण कराया गया तो विद्यालयों की मान्यता पर संकट खड़ा हो सकता है, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है।
प्रेस वार्ता में सीएनआईटीए की ओर से अधिकृत पक्षकार रेव. मनीष गुंजन जैदी ने घोषणा की कि इस मामले में सोमवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यायालय से मसीही समाज को राहत मिलेगी।
डायोसिस ऑफ लखनऊ के सचिव पादरी प्रवीण मैसी ने दोटूक कहा कि कटरा मिशन कंपाउंड की भूमि मसीही समाज की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर है, जिस पर किसी भी प्रकार का सरकारी या व्यावसायिक अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के अंत में रेव. अजीत ऑलिवर फ्रांसिस ने समाज से एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि यह केवल जमीन का विवाद नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों, शिक्षा और समाज की विरासत को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने सभी मतभेद भुलाकर धरोहर की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
इस अवसर पर डॉ. आलोक मिल्टन लाल, वंदना फ्रांसिस, नीतू मैसी, लवी सिंह, ऑलिवर सिंह, रिचर्ड हीगिन्स, जयंत हीगिन्स, नीलम लाल, वरुण पॉल, ईवा दास, तरुण हीगिन्स, विनीत हेलसी, अभिषेक व्यास, मुदित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे।
