मुख्यपृष्ठसमाचारनिहालगढ़ से कुंभा एक्सप्रेस द्वारा हावड़ा जा रहे तस्कर को लाखों के...

निहालगढ़ से कुंभा एक्सप्रेस द्वारा हावड़ा जा रहे तस्कर को लाखों के कछुओं के साथ वाराणसी जीआरपी ने पकड़ा

उमेश गुप्ता / वाराणसी

वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन की जीआरपी ने शिवपुर रेलवे स्टेशन के पास एक कछुआ तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से छह बैगों में कुल 12 कछुए बरामद किए गए हैं। जीआरपी के अनुसार बरामद कछुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लाखों रुपये है। मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। सभी कछुओं को वन विभाग के सुपुर्द किया जाएगा।
जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर देहरादून से हावड़ा जा रही कुंभा एक्सप्रेस की एस-1 बोगी में छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। उसके पास छह बैग मिले। बैगों की तलाशी लेने पर उनमें कछुए बरामद हुए। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक ने अपना नाम रानू कंजर निवासी जगदीशपुर, सुल्तानपुर बताया है। उसके पास से 12 कछुए बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ये इंडियन सॉफ्टशेल टर्टल हैं, जिन्हें गोमती नदी से पकड़ा गया था। वह इन्हें शनिवार दोपहर करीब 12 बजे निहालगढ़ स्टेशन से ट्रेन में लेकर हावड़ा सप्लाई करने जा रहा था।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि बरामद कछुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में वास्तविक कीमत के संबंध में वन विभाग से संपर्क किया गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी जा रही है। फिलहाल मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अन्य समाचार