सामना संवाददाता / मुंबई
क्या आप अपने परिवार के साथ विदेश यात्रा का सपना देख रहे हैं? क्या आपने टिकट, होटल और घूमने की योजना बना ली है? लेकिन क्या आपने कभी यह भी जांचा कि कहीं आपकी सबसे बड़ी बाधा आपके अपने दस्तावेज़ तो नहीं बनने वाले?
सबसे पहला सवाल-क्या आपके पासपोर्ट पर लिखा आपका नाम बिल्कुल वही है जो आपके पैनकार्ड, आधारकार्ड, बैंक खाते, निवेश पोर्टफोलियो और अन्य सरकारी दस्तावेज़ों में दर्ज है? कहीं एक जगह Kumar है, दूसरी जगह Kumarh, कहीं मिडिल नेम है और कहीं नहीं? क्या आपने कभी इन छोटी-छोटी असमानताओं पर ध्यान दिया?
यदि पति-पत्नी साथ में वीज़ा के लिए आवेदन कर रहे हैं, तो क्या दोनों के दस्तावेज़ों में एक-दूसरे का नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण एक समान हैं? क्या विवाह के बाद नाम या पते में हुए बदलाव सभी दस्तावेज़ों में अपडेट किए गए हैं? क्या बिजली बिल, टेलीफोन बिल, बैंक स्टेटमेंट और संपत्ति के दस्तावेज़ भी उसी जानकारी को दर्शाते हैं?
अब एक और महत्वपूर्ण सवाल। क्या आपके बचत खाते का पिछले छह महीनों का बैंक स्टेटमेंट आपकी वित्तीय अनुशासन की कहानी बताता है? क्या खाते में नियमित और पर्याप्त बैलेंस दिखाई देता है? क्या हर महीने आय का स्पष्ट स्रोत दिखाई देता है? क्या आपके खाते में अनावश्यक चेक बाउंस, ECS Return, Auto Debit Failure या Penalty Charges तो दर्ज नहीं हैं?
याद रखिए, वीज़ा अधिकारी केवल यह नहीं देखते कि आज आपके खाते में कितनी राशि है। वे यह भी देखते हैं कि आपका वित्तीय व्यवहार कितना अनुशासित है। केवल दस लाख रुपये का बैलेंस होना पर्याप्त नहीं, बल्कि उस खाते का रिकॉर्ड भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है।
हाल ही में एक दंपति का वीज़ा आवेदन अस्वीकार हो गया। आश्चर्य की बात यह थी कि उनके खाते में लगभग दस लाख रुपये का बैलेंस था। फिर भी बैंक स्टेटमेंट में किसी एक महीने के दौरान Insufficient Balance के कारण ECS Return Charge दर्ज था। संभव है कि यह अकेला कारण न रहा हो, क्योंकि वीज़ा निर्णय कई कारकों पर आधारित होते हैं, लेकिन इस तरह की प्रविष्टियां वित्तीय अनुशासन पर प्रश्न अवश्य खड़े कर सकती हैं। परिणाम यह हुआ कि उनके मित्र विदेश घूमने चले गए और वे एक छोटी-सी लापरवाही के कारण पीछे रह गए।
एक और सवाल पूछिए। यदि आप हर महीने लाखों रुपये का निवेश करने की क्षमता रखते हैं, तो क्या आपके बैंक खाते में नियमित SIP, बीमा प्रीमियम, EMI और अन्य ऑटो-डेबिट समय पर पूरे हो रहे हैं? या फिर कभी-कभी कुछ हजार रुपये की कमी के कारण आपके खाते पर पेनल्टी लग जाती है? क्या ऐसी प्रविष्टियां भविष्य में आपके वित्तीय प्रोफ़ाइल को प्रभावित नहीं कर सकती?
विदेश यात्रा का सपना केवल पासपोर्ट और वीज़ा से पूरा नहीं होता। दस्तावेज़ों की एकरूपता, बैंकिंग अनुशासन, नियमित निवेश और वित्तीय विश्वसनीयता भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है।
याद रखिए, वीज़ा आवेदन करने से पहले केवल सूटकेस पैक मत कीजिए, अपने दस्तावेज़ और बैंक स्टेटमेंट भी “तैयार” कीजिए। कई बार यात्रा की सबसे बड़ी रुकावट दूतावास नहीं, बल्कि हमारी अपनी छोटी-छोटी वित्तीय और दस्तावेज़ी लापरवाहियां होती हैं।
