मुख्यपृष्ठसमाचार6 माह के मासूम का अपहरण, मुंबई पुलिस ने 4 घंटे में...

6 माह के मासूम का अपहरण, मुंबई पुलिस ने 4 घंटे में सकुशल किया बरामद

मुंबई के विनोबा भावे नगर पुलिस थाने की तत्परता से अपहृत 6 माह के मासूम को महज 4 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। इस कार्रवाई के लिए जोन के पुलिस उपायुक्त ने पूरी टीम की सराहना की है।
क्या है मामला-
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02/08/2026 को सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच कमलाबाई चाळ, गौरीशंकर मंदिर के पास, मसरानी लेन, हलाव पुल, कुर्ला पश्चिम स्थित एक घर में सो रहे 6 माह के मासूम को आरोपी अमन आनंद सकट (उम्र 25 वर्ष) द्वारा उसकी मां की सहमति के बिना ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़िता की शिकायत पर विनोबा भावे नगर पुलिस थाने में गु.र.क्र. 579/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 137(2) में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई-
मामला दर्ज होते ही विनोबा भावे नगर पुलिस थाने के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्री अमित ताड ने तत्काल सभी पेट्रोलिंग वैन को थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर तलाशी लेने के निर्देश दिए। साथ ही डिटेक्शन, निगरानी एवं एटीसी पथक को सीसीटीवी फुटेज खंगालने के आदेश दिए गए।
इसी दौरान पुलिस उपायुक्त श्री गणेश शिंदे ने घाटकोपर, तिलक नगर और नेहरू नगर पुलिस थानों की अलग-अलग टीमें गठित कर सीसीटीवी जांच और तलाशी अभियान तेज कराया। कुर्ला, विद्याविहार और एलटीटी रेलवे स्टेशन परिसर में भी सघन तलाशी शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अपहृत बच्चे को लेकर विद्याविहार रेलवे स्टेशन की ओर जाते हुए दिखाई दिया। आगे की फुटेज में वह बच्चे को लेकर ठाणे की दिशा में ट्रेन से जाता हुआ नजर आया। इसके बाद तत्काल ठाणे पुलिस आयुक्तालय और रेलवे पुलिस आयुक्तालय को इसकी सूचना दी गई।
4 घंटे में मिला बच्चा-
शाम करीब 6:30 बजे विष्णु नगर पुलिस थाना, ठाणे शहर से सूचना प्राप्त हुई कि तलाशी अभियान के दौरान अपहृत बालक उनकी सीमा में मिल गया है और बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है।
महज 4 घंटे में अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद करने पर पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे ने विनोबा भावे नगर के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमित ताड एवं पूरी टीम का अभिनंदन किया।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक योगेश मुलमुले कर रहे हैं।

अन्य समाचार