सामना संवाददाता / मुंबई
शनिवार, एक अगस्त की शाम मुंबईवासियों के लिए एक अविस्मरणीय संगीतमयी एवं आध्यात्मिक संध्या साबित हुई। प्रसिद्ध हास्यकवि महेश दुबे ने गोरेगांव स्थित अजंता पार्टी हॉल में जयपुर (राजस्थान) के प्रख्यात शास्त्रीय गायक एवं मानस मर्मज्ञ महेश दत्त शर्मा ‘रामायणी’ का अद्भुत एवं अविस्मरणीय गायन कार्यक्रम आयोजित कराया।
देश-विदेश में अपने असंख्य शिष्यों के बीच ‘गुरुजी’ के नाम से प्रसिद्ध महेश दत्त शर्मा ने अपने भावपूर्ण गायन और धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से उपस्थित जनों को अध्यात्म और संगीत की रसधारा में सराबोर कर दिया। जयपुर से उनके साथ आए साजिंदों ने भी अपने उत्कृष्ट वादन से श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में महानगर की अनेक विशिष्ट एवं गणमान्य हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित लोगों ने इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे अविस्मरणीय बताया। अनेक विशिष्ट एवं प्रतिष्ठित लोगों ने भी गुरुजी के ऐसे कार्यक्रम आयोजित कराने की इच्छा व्यक्त की।
इस अवसर पर प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उत्तरभारतीय संघ के सचिव श्री देवेंद्र तिवारी, उद्योगपति श्री बृजमोहन अग्रवाल, शिक्षाविद् श्री छविनाथ दुबे, उद्योगपति श्री रामनारायण मिश्रा, उमेश दुबे, नरेश शर्मा, पत्रकार विकास संघ के अध्यक्ष आनंद मिश्रा, राजेश विक्रांत, अभय मिश्र, पत्रकार शैलेंद्र श्रीवास्तव, सुनील सिंह, धर्मेंद्र पांडेय, राजकिशोर तिवारी, अमर त्रिपाठी, प्रख्यात संगीतज्ञ प्रतीक मेहता, एनआईए अधिकारी शशि सिंह, कवि गुलशन मदान, रासबिहारी पांडेय, अर्चना जौहरी, रीमा राय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजन में भीलवाड़ा के प्रसिद्ध ओज कवि श्री योगेंद्र शर्मा की विशेष भूमिका रही। अंत में आयोजक महेश दुबे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
