सामना संवाददाता / नाशिक
सत्य, प्रेम, कर्म और धर्म के मार्ग पर ही भगवान श्रीकृष्ण का वास होता है। जहां इंसान निष्काम भाव से अपने कर्तव्य का पालन करता है, जहां अहंकार छोड़कर भक्त पूरी तरह समर्पित होता है और जहां श्रीकृष्ण का साथ होता है, वहां सत्य की विजय सुनिश्चित होती है।
यह विचार सतपुर, नाशिक स्थित बीएलवीडी होटल में आयोजित “सुनो श्रीकृष्ण क्या कह रहे हैं…?” पुस्तक के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात समाजसेवी तथा विश्व प्रसिद्ध गार्गोटी म्यूजियम के संस्थापक चीफ केसी पांडे ने व्यक्त किए। उन्होंने प्रेरणादायक पुस्तक के लेखन के लिए डॉ. रोचना भारती को बधाई दी।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में प्रख्यात विद्वान डॉ. वागीश आचार्य ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष एवं शोध निदेशक डॉ. विद्या केशव चिटको ने की। इस अवसर पर उद्योगपति तापड़िया विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सुंदर संचालन कवयित्री सुनीता महेश्वरी ने किया।
