अनिल मिश्र / पटना
बिहार सरकार के निर्देश पर बुधवार को बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत टिकारी प्रखंड के केसपा गांव स्थित मां तारा देवी मंदिर परिसर के पंचायत भवन में सहयोग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी प्रवीण कुंदन, बीडीओ योगेंद्र पासवान, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर से पहले मां तारा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।बारिश के कारण शिविर में ग्रामीणों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से नल-जल, भूमि विवाद एवं खाद की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। अधिकारियों ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। मुखिया प्रतिनिधि अमिताभ कुमार ने अधिकारियों का स्वागत किया। सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने नल-जल योजना में व्याप्त अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए कहा कि आश्चर्यजनक रूप से शिविर में नल-जल विभाग का कोई कर्मी मौजूद नहीं है। हर गांव में पेय जल का संकट गहराता जा रहा है। मौके पर पूर्व सरपंच सुनील चंद्रवंशी, कैलाश चंद्रवंशी, प्रमोद शर्मा, उमा शर्मा, कारू शर्मा, शत्रुघ्न पासवान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
