राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर जोन की करछना पुलिस ने लगातार हो रही सबमर्सिबल मोटर चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक सबमर्सिबल मोटर और उसे बेचकर प्राप्त 6200 रुपये बरामद किए हैं। वहीं गिरोह में शामिल एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में बीएनएस की संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 05 अगस्त को करछना थाना क्षेत्र के घटवा-लिगदहिया संपर्क मार्ग स्थित मसूरियन माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धीरेन्द्र भारतीया (23) निवासी ग्राम कौवा, विजय कुमार उर्फ छोटू (24) निवासी मधू का पुरा, बरांव तथा इरशाद अली उर्फ सलमान (20) निवासी बरांव के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि 3 अगस्त को ग्राम कौवा निवासी राधेश्याम पाण्डेय ने बाग में बने कमरे की छत और सरिया काटकर सबमर्सिबल मोटर व स्टार्टर चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके अगले ही दिन 4 अगस्त को ग्राम डांडो निवासी पंकज कुमार पटेल ने अपने ईंट भट्ठे से सबमर्सिबल मोटर चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया। लगातार दो वारदातों के बाद करछना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि 29 जुलाई की रात उन्होंने मिलकर बरांव स्थित आम के बाग में बने कमरे की छत और सरिया काटकर सबमर्सिबल मोटर चोरी की थी। चोरी की मोटर को अपने एक साथी के माध्यम से बेच दिया गया था, जिसके एवज में प्रत्येक आरोपी को दो-दो हजार रुपये मिले थे। वहीं बरामद सबमर्सिबल मोटर ग्राम डांडो स्थित ईंट भट्ठे से चोरी की गई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की संपत्ति की बरामदगी के बाद दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थानाध्यक्ष रणविजय सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय सिंह, विकास सिंह, दीपक कुमार सिंह सहित करछना थाना पुलिस की पूरी टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोहों में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
