मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में एक युवक ससुराल आये व्यक्ति पर पत्नी के प्रेमी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतक की पहचान मेरठ के लिसाढ़ी गेट निवासी तालिब (28) के रूप में हुई है। उसकी पत्नी मीना (26) भी मायके में थी। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे तालिब का पत्नी के प्रेमी बताए जा रहे हासिम से विवाद हो गया। इस दौरान हासिम ने तालिब के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल तालिब मौके पर गिर गया, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गया। सिर पर किए गए 17 वार से तालिब की हालत गंभीर हो गयी। हमले की सूचना मिलने पर पुलिस और तालिब के ससुराल वाले मौके पर पहुंचे। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों से जानकारी ली।
गंभीर रूप से घायल तालिब को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना ले जाया गया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रणव तेवतिया ने बताया कि तालिब के सिर पर गंभीर घाव थे और उसकी हालत नाजुक थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।सीएचसी से रेफर किए जाने के बाद तालिब को मेरठ के एक चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सीओ बुढ़ाना ने भी तालिब की मौत की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी हासिम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तालिब अपने पीछे पत्नी मीना, चार वर्षीय बेटे और करीब दो वर्ष की बेटी को छोड़ गया है।
