मुख्यपृष्ठसमाचारदबंगई तेज रफ्तार का विरोध करने पर घर में घुसकर बंदूक दिखाई

दबंगई तेज रफ्तार का विरोध करने पर घर में घुसकर बंदूक दिखाई

राजेश सरकार / प्रयागराज

जनपद के नैनी थाना अंतर्गत मोहब्बतगंज में तेज रफ्तार गाड़ी चलाने का विरोध करने पर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने और बंदूक की नोक पर धमकाने का मामला सामने आया है। स्थानीय दबंगों ने न सिर्फ घर के बुजुर्ग के साथ हिंसक व्यवहार किया, बल्कि बीच-बचाव करने आईं महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया। इस घटना से पीड़ित परिवार भयभीत है।
-गाड़ी धीरे चलाने को कहा तो भड़क उठे आरोपी
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 11:30 बजे की है। पीड़िता अपने घर पर मौजूद थी, तभी उनके दरवाजे पर एक लग्जरी कार आकर रुकी। कार से उतरे व्यक्ति ने पीड़िता के ससुर से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने से रोकने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने असलहा निकाल लिया और ससुर को जान से मारने की धमकी देने लगा।
-महिलाओं के साथ बर्बरता, कनपटी पर तानी बंदूक
ससुर को खतरे में देख जब बहू बीच-बचाव करने दौड़ी, तो आरोपी ने उन्हें जोर से धक्का देकर गिरा दिया और उन्हें हथियार दिखाकर डराया। चीख-पुकार सुनकर जब घर की अन्य महिलाएं बाहर आईं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। दबंगों ने महिलाओं को चोटें पहुंचाईं और पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
-सहयोगियों के साथ मिलकर दी धमकी, साक्ष्य मिटाने का दबाव
वारदात के वक्त मुख्य आरोपी के साथ अन्य सहयोगी भी मौजूद थे। इन सभी ने मिलकर पीड़ित परिवार के साथ हिंसक बर्ताव किया और उन्हें डराया-धमकाया। आरोपियों ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि वह उन्हें छोड़ेंगे नहीं। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया कि घटना के समय बनाए गए किसी भी वीडियो को तुरंत नष्ट कर दिया जाए।
-पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
पीड़िता की तहरीर पर नैनी थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर गहरा रोष है।

अन्य समाचार