मुख्यपृष्ठसमाचारफिर सजे-संवरेगी सुल्तानपुर की धरोहर

फिर सजे-संवरेगी सुल्तानपुर की धरोहर

-संगमलाल घंटाघर का होगा आधुनिकीकरण
-चारों तरफ लगेंगी नई डिजिटल घड़ियां, आधुनिक फसाड लाइट्स से होगी सजावट

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

स्वराज के अमर सेनानी संगमलाल को समर्पित सुल्तानपुर शहर का चौक घंटाघर फिर से सजेगा-संवरेगा। इसके सुंदरीकरण की व्यापक कार्ययोजना पालिका ने तैयार कर ली है। राजधानी लखनऊ से आए अभियंताओं एवं विशेषज्ञों ने पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल के साथ ऐतिहासिक घंटाघर का निरीक्षण किया और पुनरुद्धार की रूपरेखा तैयार की।
बता दें कि वर्ष 2007-08 में पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने अपने पहले कार्यकाल में चौक घंटाघर का व्यापक जीर्णोद्धार कराया था। स्थानीय निवासी महान स्वतंत्रता सेनानी संगमलाल को समर्पित करते हुए इसका नामकरण ‘संगमलाल घंटाघर’ किया गया था।
पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान समय में इस भवन को आधुनिक साज-सज्जा से युक्त करने के साथ ही मरम्मत और जीर्णोद्धार की आवश्यकता है। विभिन्न त्योहारों एवं पर्वों के अवसर पर चौक घंटाघर को रोशनी से सजाया जाता रहता है। इसी के दृष्टिगत घंटाघर के चारों तरफ लगी पुरानी घड़ियों को हटाकर नई डिजिटल घड़ियां लगाई जाएंगी। साथ ही आधुनिक फसाड लाइट्स से इसकी साज-सज्जा कराई जाएगी और इस ऐतिहासिक इमारत की आवश्यक मरम्मत भी कराई जाएगी।
करीब 34 लाख रुपये की लागत से घंटाघर का सुंदरीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया जाएगा। समस्त कार्य दुर्गापूजा महोत्सव एवं अन्य त्योहारों से पूर्व 20 सितंबर तक पूरा करा लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र सरोज, सहायक अभियंता सिविल संतोष कुमार, अवर अभियंता सिविल नीलम कुमारी, मार्ग प्रकाश विभाग के अजय तिवारी, सुनील श्रीवास्तव एवं हनुमान सिंह तथा विशेषज्ञों की टीम के इंजीनियर, तकनीकी विशेषज्ञ और इलेक्ट्रिशियन सहित स्थानीय प्रमुख नागरिक मौजूद रहे।

अन्य समाचार