मुख्यपृष्ठसमाचारचेंबूर में दुकान का शटर तोड़कर चोरी एक घंटे में दो आरोपी...

चेंबूर में दुकान का शटर तोड़कर चोरी एक घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

सगीर अंसारी / मुंबई
चेंबूर में मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर ४० मोबाइल फोन उड़ाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महज एक घंटे में दबोच लिया। चेंबूर पुलिस की क्राइम डिटेक्शन यूनिट ने न सिर्फ वारदात का पर्दाफाश किया, बल्कि चोरी हुआ १०० फीसदी माल भी बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, १९ अगस्त को मोबाइल दुकान मालिक इमरान हाजी मोहम्मद खान (२८) ने शिकायत दर्ज कराई थी। शेल कॉलोनी रोड स्थित दुकान नंबर २६ का शटर तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुसे और करीब ४० मोबाइल लेकर फरार हो गए। मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने इलाके में संदिग्धों को तलाश करना शुरू कर दिया। इसी दौरान ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के सर्विस रोड, सिद्धार्थ कॉलोनी के पास दो संदिग्ध युवक पुलिस के हत्थे चढ़े। तलाशी में उनके पास से चोरी किए गए मोबाइल फोन बरामद हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एकाम आजम शेख उर्फ घोड़ा (२७) और तौहीद इजहार शेख (२२) के रूप में हुई है। दोनों कुर्ला-पूर्व के रहने वाले हैं। पुलिस उपनिरीक्षक प्रदीप पाटील मामले की आगे जांच कर रहे हैं।

अन्य समाचार