अनिल मिश्र / रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि स्व. राजीव गांधी आधुनिक भारत के महान स्वप्नदृष्टा और दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, संचार तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत की युवा शक्ति पर पूरा विश्वास किया। मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर उन्होंने देश के करोड़ों युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्णायक भागीदारी का अधिकार दिया। कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में उनके द्वारा शुरू की गई क्रांतिकारी पहलों ने भारत में सूचना एवं तकनीकी क्रांति की मजबूत नींव रखी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी का मानना था कि भारत की असली ताकत गांवों में बसती है। पंचायती राज संस्थाओं को संवैधानिक मजबूती देने की उनकी सोच सत्ता के विकेंद्रीकरण और गांवों तक लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम थी। उनका सपना था कि देश का विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ें।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश की एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने भारत को आधुनिक, प्रगतिशील, वैज्ञानिक सोच वाला और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज देश में बेरोजगारी, महंगाई, सामाजिक असमानता, लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और सामाजिक सद्भाव जैसे गंभीर मुद्दे हमारे सामने हैं। ऐसे समय में राजीव गांधी की दूरदर्शी सोच और उनके विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं।
केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी का सपना केवल कांग्रेस का सपना नहीं था, बल्कि ऐसे भारत का सपना था जो आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक, समावेशी और आत्मनिर्भर हो। कांग्रेस पार्टी उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना ही राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजीव गांधी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा देश में सामाजिक सद्भाव, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से काम करें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, ज्योति सिंह मथारू, कुमार गौरव, रमा खलखो, राजन वर्मा, डॉ. एम. तौसीफ, विजय शंकर नायक, रमाकांत आनंद, सुनील सिंह, केके गिरी, आभा सिन्हा, सुरेन राम, विजय चौबे, सच्चिदानंद चौधरी, सूर्यकांत शुक्ला, नेली नाथन, गजेंद्र सिंह, जगदीश साहु, निसार खान, जगरनाथ साहु, रेणु कुमारी, जितेंद्र त्रिवेदी, संगीता टोप्पो, राजेश चंद्र राजू, अजय सिंह, प्रशांत पांडेय, डॉ. प्रसाद पासवान, अजय जैन, नीतू देवी, उषा पासवान, अनिल उरांव, शहीद अंसारी आदि शामिल रहे।
